टिकट की कालाबाजारी : बीसीसीआई ने कोलकाता पुलिस से मांगी एफआईआर की कॉपी
कोलकाता में वर्ल्ड कप मैच के टिकट की कालाबाजारी के मामले में कोलकाता पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर की कॉपी बीसीसीआई ने मांगी है।
गत 5 नवंबर को हुए भारत- दक्षिण अफ्रीका मैच के बाद स्थानीय पुलिस ने बीसीसीआई को टिकट की ऑनलाइन कालाबाजारी को लेकर नोटिस भेजा था। पुलिस ने बोर्ड से इस बारे में जानकारी मांगी थी।

पुलिस ने बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों से भी पूछताछ की। CAB के मुताबिक कुछ बाहरी एजेंट अवैध तरीके से ऑनलाइन टिकट की बिक्री कर रहे हैं। वर्ल्ड कप टिकट के लिए बोर्ड ने टिकटिंग वेबसाइट बुक माय शो को ऑफिशियल कॉन्ट्रैक्ट दिया है।
कोलकाता पुलिस ने कहा कि, बीसीसीआई ने मंगलवार शाम को हमारे नोटिस का जवाब दिया और मामले में दर्ज एफआईआर की कॉपी मांगी। बोर्ड के अधिकारियों ने दावा किया है कि एफआईआर पढ़ने से उनके लिए इस मामले में हमारे द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देना आसान हो जाएगा। हमने उन्हें बुधवार सुबह एफआईआर की कॉपी भेजी है।

टिकट की कालाबाजारी का मामला पहली बार 1 नवंबर की शाम को सामने आया था। तब कोलकाता पुलिस ने भारत- दक्षिण अफ्रीका मैच का टिकट बेचने की कोशिश में लगे एक व्यक्ति को पकड़ा था।
बाद में, एक फैन ने कोलकाता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बीसीसीआई, CAB और ऑफिशियल टिकट एप बुक माय शो पर वनडे वर्ल्ड कप टिकट की कालाबाजारी को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया।
कोलकाता पुलिस ने टिकटों की कालाबाजारी के मामले में 19 लोगों को अरेस्ट किया था और उनके कब्जे से 108 टिकट जब्त किए थे। साथ ही सात मामले भी दर्ज किए गए थे।
बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन से पिछले हफ्ते कोलकाता पुलिस ने पूछताछ की थी। CAB ने बोर्ड को टिकट की कालाबाजारी से खुद को दरकिनार किया है। बोर्ड को कहना है कि, टिकट की ब्लैक मार्केटिंग किसी ऑनलाइन एजेंसी से हुई है।
क्रिकेट वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल कोलकाता में होगा। वहीं, पहला सेमीफाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा। मुंबई में सेमीफाइनल 15 नवंबर और कोलकाता में 16 नवंबर को होगा।