मोहम्मद शमी ने पूर्व पाक क्रिकेटर हसन रजा को काफी बुरी तरह लताड़ा
पूर्व पाक क्रिकेटर हसन रजा की भारत के खिलाफ गेंदों के अलग-अलग सेट का उपयोग करने के उनके शर्मनाक दावों की भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने आलोचना की।
रजा ने एक पाकिस्तानी चैनल पर बात करते हुए आरोप लगाया था कि भारत को आईसीसी और बीसीसीआई द्वारा गेंदों का एक अलग सेट दिया जा रहा है, जिससे उन्हें मौजूदा वनडे विश्व कप में गेंद से किसी अन्य की तुलना में बेहतर प्रभाव डालने का मौका मिले।
रजा के हवाले से कहा गया, ‘हम देख रहे हैं कि जब वे बल्लेबाजी कर रहे होते हैं, तो वे वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं और जब भारत गेंदबाजी करता है तो अचानक गेंद हरकत करने लगती है।

7-8 करीबी डीआरएस कॉल उनके पक्ष में गए हैं, जिस तरह से सिराज और शमी गेंद को स्विंग करा रहे थे, ऐसा लग रहा था कि आईसीसी या बीसीसीआई उन्हें दूसरी पारी में अलग और संदिग्ध गेंदें दे रहे थे। गेंद का निरीक्षण करने की जरूरत है।
शमी ने इंस्टाग्राम पर हसन रजा की आलोचना करते हुए बोला कि उन्हें थोड़ी शर्म आनी चाहिए। अगर रजा किसी की बात नहीं सुनना चाहते तो उन्हें पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम की बात ध्यान से सुननी चाहिए।
उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहा, शर्म करो यार गेम पर फोकस करो ना की फालतू बकवास पर। कभी तो दूसरे की सक्सेस को एन्जॉय किया करो। छी यार आईसीसी वर्ल्ड कप है आपका लोकल टूर्नामेंट नहीं है।

उन्होंने आगे कहा, ‘आप प्लेयर ही थे ना। वसीम भाई ने समझाया, एक्सप्लेन किया था फिर भी। हाहाहा… अपने प्लेयर अपने वसीम अकरम पर यकीन नहीं आपको’।
बता दें कि इससे पहले वसीम अकरम ने भी मैच के बाद रजा की टिप्पणियों की आलोचना की थी और उनसे कुछ शर्म करने को बोला था। अकरम ने आगे कहा कि ये लोग (रजा और पैनल) स्पष्ट रूप से अपना दिमाग खो चुके हैं।