Trending

नीदरलैंड पर 160 रन की जीत, इंग्लैंड तालिका में सातवें पायदान पर

बेन स्टोक्स (108 रन), डेविड मलान (87 रन) की पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से इंग्लैंड ने वनडे विश्व कप मैच में यहां नीदरलैंड 160 रन से मात देकर टूर्नामेंट की दूसरी जीत दर्ज की।

दोनों ही टीमें खिताबी दौड़ से बाहर हैं, विश्व कप में पाकिस्तान को छोड़कर शीर्ष सात स्थानों पर रहने वाली टीमें चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए क्वालीफाई करेगी।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

गत विजेता टीम इस मैच से पहले 10वें स्थान पर थी, बड़ी जीत के बाद इंग्लैंड ने तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच कर चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है।

स्टोक्स ने 83 गेंद में 108 रन की पारी में छह छक्के और इतने ही चौके मारे जिससे इंग्लैंड ने नौ विकेट पर 339 रन बनाने के बाद नीदरलैंड की पारी को 37.2 ओवर में 179 रन पर ढेर कर दिया। इंग्लैंड के लिए मोईन अली और आदिल राशिद ने तीन-तीन विकेट झटके।

नीदरलैंड के लिए तेजा निदामानुरू ने 34 गेंद में नाबाद 41 रन बनाए, उन्हें कप्तान स्कॉट एडवर्ड (42 गेंद में 38 रन) के अलावा किसी और का साथ नहीं मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 50 गेंद में 59 रन जोड़े।

इंग्लैंड को इस मैच में डेविड मलान ने 10 चौके और दो छक्के से 74 गेंद में 87 रन की पारी खेल तेज शुरुआत दिलाई, स्टोक्स ने मध्यक्रम में टीम को स्थिरता दिलाने के बाद अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाए।

स्टोक्स को अंतिम ओवरों में वोक्स का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 45 गेंद में 51 रन बनाए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 81 गेंद में 129 रन की आक्रामक साझेदारी की। नीदरलैंड की ओर से बास डी लीडे ने 74 रन देकर तीन, आर्यन दत्त और लोगन वैन बीन ने दो-दो विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए नीदरलैंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे। पांचवें ओवर में मैक्स ओडोड (पांच) को क्रिस वोक्स ने आउट किया, छठे ओवर में डेविड विली की गेंद पर कोलिन एकरमैन खाता खोले बगैर विकेटकीपर जोस बटलर को कैच थमा बैठे।

वेस्ले बारेसी ने दूसरे छोर से कुछ अच्छे शॉट मारे। उन्होंने 14वें ओवर में मोईन के खिलाफ लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारकर टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। क्रीज पर उनके साथ मौजूद साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट ने गस एटकिंसन की गेंद को दर्शकों के पास भेज दिया।

यह साझेदारी खतरनाक हो ही रही थी कि बारेसी दो रन चुराने के चक्कर में गफलत का शिकार होकर रन आउट हो गये। उन्होंने 62 गेंद में 37 रन बनाये।

कप्तान बटलर ने 23वें ओवर में गेंद डेविड विली को दी और इस गेंदबाज ने एंगेलब्रेक्ट की 33 रन की पारी को खत्म करके कप्तान के फैसले को सही साबित किया।

आदिल राशिद ने डी लीडे (10) को आउट कर इंग्लैंड को पांचवीं सफलता दिलाई, तेजा निदामानुरु ने क्रीज पर आते ही चौका और छक्का जड़ हाथ खोले। उन्होंने और स्कॉट एडवर्ड्स ने राशिद और मोईन के खिलाफ कुछ शानदार छक्के लगाकर मैच में नीदरलैंड की वापसी करायी।

मोईन ने एडवर्ड्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ने के बाद रोल्फ वान डर मर्वे, राशिद ने वैन बीक (दो) और आर्यन दत्त (एक) को आउट कर इंग्लैंड की जीत पर मुहर लगा दी।

इससे पहले बल्लेबाजी करने आई इंग्लैंड को जॉनी बेयरस्टो और मलान ने तेज शुरुआत दिलाई। मलान ने दूसरे ओवर में लोगान वान बीक को फ्लिक करके लगातार तीन चौके मारे।

उन्होंने स्पिनर आर्यन दत्त (2/67) के खिलाफ अपना आक्रमण जारी रखा और अगले ओवर में कवर और गली में दो और चौके लगाए। नीदरलैंड को सातवें ओवर में पहली सफलता मिली जब पॉल वान मीकेरेन ने दत्त की गेंद पर बेयरस्टो का शानदार कैच लपका।

इस विकेट का इंग्लैंड की बल्लेबाजी पर कोई फर्क नहीं पड़ा। मलान ने वैन बीक के ओवर में तीन चौके मारकर इंग्लैंड के स्कोर को 10 ओवर में 70 रन तक पहुंचाया। उन्होंने इस दौरान 37 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया।

रूट और मलान की साझेदारी में पूर्व कप्तान जहां संभल कर बल्लेबाजी कर रहे थे तो वही मलान ने वैन डर मर्व के खिलाफ पारी का पहला छक्का मारा, दोनों की 85 रन की साझेदारी को वैन बीक ने रूट को आउट कर तोड़ा। इसके अगले ओवर में मलान भी रन आउट हो गये।

हैरी ब्रुक (11 रन), कप्तान जोस बटलर (पांच) और मोईन अली (चार) एक बार फिर प्रभावित करने में नाकाम रहे। इंग्लैंड का स्कोर 36 ओवर में छह विकेट पर 192 रन हो गया। स्टोक्स और वोक्स ने 129 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 300 रन के पार पहुंचाया। स्टोक्स को वैन बीक ने आउट किया तो वहीं वोक्स डी लीडे का शिकार बने।