ट्रेंट बोल्ट की बेहतरीन गेंदबाजी का कमाल, न्यूजीलैंड की पांच विकेट से जीत
ट्रेंट बोल्ट (3 विकेट) की नई गेंद से शानदार प्रदर्शन से न्यूजीलैंड ने यहां वर्ल्ड कप मैच में श्रीलंका को 160 गेंद रहते पांच विकेट से मात देकर सेमीफाइनल की उम्मीदों को जिंदा रखा।
वर्ल्ड कप
न्यूजीलैंड के टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला करने के बाद बोल्ट और मिशेल सैंटनर ने श्रीलंका को 171 रन पर ऑलआउट करने में मदद मिली।
फिर उसने यह छोटा सा लक्ष्य 23.2 ओवर में पांच विकेट गंवाकर हासिल किया जिसमें डेवोन कॉनवे ने 42 गेंद में 45 रन, डेरिल मिशेल ने 31 गेंद में 43 रन और रचिन रविंद्र ने 34 गेंद में 42 रन की पारी खेली।

न्यूजीलैंड के लिए यह मैच अहम था क्योंकि उसे भारत, दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने की जरूरत थी। अब उसका नेट रन रेट नौ मैच में 10 अंक से प्लस 0.743 है।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के आठ आठ अंक हैं जिन्हें न्यूजीलैंड के नजदीक पहुंचने के लिए चमत्कार ही करना होगा। न्यूजीलैंड के अंतिम चार में पहुंचने की पूरी उम्मीद है।
अंतिम लीग मैच में पाकिस्तान (प्लस 0.036) शनिवार को इंग्लैंड से भिड़ेगा, अफगानिस्तान (माइनस 0.338) का मैच कल दक्षिण अफ्रीका से होगा। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज जब क्रीज पर आए, वो इस बात को जानते थे कि उन्हें अन्य दावेदारों से आगे रहने के लिए जल्दी जीत दर्ज करनी होगी।
उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ तेजी से रन बनाए, जो सही लाइन एवं लेंथ हासिल करने में जूझ रहे थे। तेज गेंदबाज दुष्मंता चमीरा ने पिच से कुछ फायदा उठाने का प्रयास किया, इतना काफी नहीं था। रविंद्र ने चमीरा पर एक छक्का और स्पिनर धनजंय डीसिल्वा पर दो छक्के मारे।
कॉनवे अर्धशतक से चूक गये और चमीरा की गेंद पर सर्कल में डिसिल्वा को कैच देकर आउट हुए। अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा शतक मारने के बाद वह अब तक इस टूर्नामेंट की आठ पारियों में अर्धशतक नहीं जड़ सके हैं।
शानदार फॉर्म में चल रहे रविंद्र पचास रन बनाने से महरूम रह गये और महीश तीक्षणा की गेंद पर मिड ऑन पर डिसिल्वा को कैच देकर पवेलियन लौटे।
न्यूजीलैंड ने 14वें ओवर में दो विकेट गंवाकर 88 रन बना लिये और उसे नेट रन रेट के हिसाब से तेजी से रन बनाने की दरकार थी। दायें हाथ के बल्लेबाज मिशेल चौथे नंबर पर उतरे और उन्होंने तेजी से रन जुटाने के लिए तीक्षणा पर लांग ऑफ में गगनचुंबी छक्का मारा।
मार्क चैपमैन का रन आउट होना निराशाजनक रहा। ग्लेन फिलिप्स 17 और टॉम लैथम दो रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले न्यूजीलैंड के लिये बायें हाथ के तेज गेंदबाज बोल्ट (3/37) और बायें हाथ के स्पिनर सैंटनर (2/22) ने टीम की जरूरत के अनुरूप गेंदबाजी की।
कुसल परेरा को एक रन पर विकेटकीपर टॉम लैथम ने जीवनदान दिया था जिन्होंने 28 गेंद में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। पिछले कुछ मैचों में बोल्ट लय हासिल करने में जूझ रहे थे लेकिन उन्होंने यहां वापसी की।
साउदी ने पहले पाथुम निसाका को आउट किया जिसके बाद बोल्ट ने श्रीलंकाई कप्तान कुसल मेंडिस का विकेट झटका। तीन गेंद के बाद बोल्ट ने फॉर्म में चल रहे सदीरा समरविक्रमा का विकेट झटका।
दो ओवर बाद बोल्ट ने चरिथ असालंका को पगबाधा आउट किया जिससे श्रीलंका का स्कोर चार विकेट पर 70 रन हो गया। एंजेलो मैथ्यूज और धनंजय डिसिल्वा कुछ देर में सैंटनर की स्पिन का शिकार होकर सस्ते में पवेलियन पहुंचे।
एक छोर से विकेट गिर रहे थे तो दूसरे छोर पर कुसल परेरा डटे थे और उन्होंने साउदी की गेंदों पर भी काफी अच्छे शॉट मारे। वह टूनामेंट में आस्ट्रेलिया के खिलाफ ही एक अर्धशतक मार सके और पिछली पांच पारियों में दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके।
परेरा तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर कवर ड्राइव से अपने 17वें वनडे अर्धशतक पर पहुंचे, पर उन्हीं का शिकार हो गये। महीश तीक्षणा (नाबाद 38 रन) और दिलशान मधुशंका (18 रन) ने अंतिम विकेट के लिए 43 रन जोड़े जो श्रीलंका की पारी की सबसे बड़ी साझेदारी रही।