Trending

स्टोक्स की शानदार पारी, इंग्लैंड ने पाक को दी 338 रन की चुनौती

बेन स्टोक्स (84 रन) समेत तीन प्लेयर्स की अर्धशतकीय पारियों से इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप मैच में शनिवार को यहां नौ विकेट पर 337 रन का मजबूत स्कोर बनाया।

इंग्लैंड की ओर से स्टोक्स (76 गेंदों पर 84 रन), जॉनी बेयरस्टो (61 गेंदों में 59 रन) और जो रूट (72 गेंदों में 60 रन) ने अर्धशतक मारे। पाक की तरफ से तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने 64 रन देकर तीन जबकि शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद वसीम ने दो-दो विकेट झटके।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

पाक को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए 6.4 ओवर में लक्ष्य हासिल करना होगा जो कि संभव नहीं है। वह हालांकि कम से कम 188 रन बनाकर शीर्ष पांच टीम में शामिल रहकर अपने अभियान का अंत कर सकता है। इंग्लैंड का स्कोर 40 ओवर के बाद दो विकेट पर 240 रन था। उसने अंतिम 10 ओवर में 97 रन बनाए, इस बीच सात विकेट भी गंवाए।

रऊफ ने रिवर्स स्विंग लेती गेंद पर स्टोक्स को आउट करके उन्हें शतक नहीं बनाने दिया। रऊफ किसी एक टूर्नामेंट में 500 से अधिक रन देने वाले पहले एशियाई गेंदबाज भी बने।

स्टोक्स ने पुल और रिवर्स स्वीप का अच्छा नमूना पेश किया तथा अपनी पारी में दो छक्के और 11 चौके मारे। उन्होंने रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए 132 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की।

बेयरस्टो और डेविड मलान (39 गेंदों पर 31 रन) ने पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़कर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे इंग्लैंड को तेजतर्रार शुरुआत दिलाई।

अफरीदी और रऊफ ने पहले तीन ओवर में बल्लेबाजों को परेशान किया, इसके बाद गेंद ने लगातार सीमा रेखा के दर्शन किए जिससे इंग्लैंड पहले पावरप्ले में 72 रन बनाने में सफल रहा।

मलान के आउट होने से यह साझेदारी टूटी। स्पिनर इफ्तिखार अहमद की गेंद पर विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने गोता लगाकर उनका कैच लपका। बेयरस्टो अपने अर्धशतक को शतक में नहीं बदल सके। उन्होंने रऊफ को अपना विकेट इनाम में दिया।

पाकिस्तान का क्षेत्रक्षण अच्छा नहीं रहा। उन्होंने कुछ कैच टपकाए जिनमें स्टोक्स का कैच भी शामिल है। जब वह 10 रन पर खेल रहे थे तब अफरीदी ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया था।

अफरीदी ने इससे पहले मलान को भी जीवनदान दिया था। तब इस बल्लेबाज ने खाता भी नहीं खोला था। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर फिर से लंबी पारी खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने 27 रन बनाए जबकि हैरी ब्रुक ने 30 रन का योगदान दिया।