सेमीफाइनल और फाइनल के लिए आईसीसी ने की रिजर्व डे की व्यवस्था
वनडे वर्ल्ड कप के पहले सेमीफाइनल में 15 नवंबर को भारत-न्यूजीलैंड के बीच आमना-सामना होगा। 16 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका की टक्कर ऑस्ट्रेलिया से होगी।
दोनों सेमीफाइनल और फाइनल के लिए आईसीसी ने रिजर्व डे की व्यवस्था कर रखी है। यानी अगर सेमीफाइनल या फाइनल एक दिन में पूरा नहीं होता है तो इसे अगले दिन उसी जगह से दोबारा खेला जाएगा जहां यह पहले दिन रोका गया था।
इस स्थिति में वह टीम फाइनल में पहुंच जाएगी जो अंक तालिका में ऊपर रही हो। यानी अगर भारत-न्यूजीलैंड सेमीफाइनल बारिश में धुल जाता है तो भारत फाइनल में पहुंच जाएगी। क्योंकि भारत ने अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया था। न्यूजीलैंड चौथे नंबर पर रही थी।

इसी तरह दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला दूसरा सेमीफाइनल धुल जाता है तो फिर साउथ अफ्रीका फाइनल में पहुंचेगी। क्योंकि अंक तालिका में दक्षिण अफ्रीका नंबर-2 और ऑस्ट्रेलिया नंबर-3 पर रहा।
इस वर्ल्ड कप में एक भी लीग मैच बारिश में नहीं धुला। 11 नवंबर तक 45 में से 44 लीग मैच हो चुके हैं और सबके परिणाम सामने आए। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड मैच के बीच जरूर बारिश ने खलल डाला था, इसमें डकवर्थ-लुईस नियम के तहत विजेता का फैसला हो गया।
पाकिस्तान-न्यूजीलैंड मैच में करीब 75 ओवर का खेल संभव हो गया था। यह मैच बेंगलुरु में हुआ था और आने वाले दिनों में भी यहां बारिश की संभावना है। नॉकआउट मैच मुंबई, कोलकाता और अहमदाबाद में होंगे। जहां बारिश की कोई संभावना नहीं है।
वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैचों के लिए सुपर ओवर का प्रावधान भी मौजूद है। अगर सेमीफाइनल या फाइनल में दोनों टीमें बराबर रन बनाती हैं यानी मैच टाई होता है तो विजेता का फैसला सुपर ओवर से होगा।
अगर सुपर ओवर भी टाई रहा तो एक और सुपर ओवर होगा। सुपर ओवर का सिलसिला तब तक चलेगा जब तक विजेता मिल नहीं जाता।
सेमीफाइनल में अगर रिजर्व डे पर भी मैच का फैसला नहीं निकला तो अंक तालिका के आधार पर विजेता का फैसला होगा। फाइनल में ऐसा नहीं होगा।
फाइनल 19 नवंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा, अगर इस दिन बारिश हुई तो मैच 20 नवंबर को रिजर्व डे पर खेला जाएगा। अगर रिजर्व डे पर भी नतीजा नहीं निकल सका तो फाइनल खेलने वाली दोनों ही टीमों से ट्रॉफी शेयर कर दी जाएगी।