दिवाली से पहले जरूरतमंदों की इस अफगानी क्रिकेटर ने ऐसे की मदद
भारत में अफगानिस्तान क्रिकेटरों को काफी प्यार मिलता है। इस प्यार को वही क्रिकेटर भारतीय लोगों को लुटाने के लिए आतुर दिखाई देते हैं।
यही कारण है दिवाली से पहले अफगानिस्तान के एक क्रिकेटर ने दर्जनों जरूरतमंदों की मदद की और उनके लिए वे मसीहा बनकर आए। ये क्रिकेटर कोई और नहीं, बल्कि ओपनर रहमनुल्लाह गुरबाज हैं। उन्हीं का एक वीडियो सोशल मीडिया पर इस समय वायरल है।

दरअसल, दिवाली से पहले अफगानिस्तान ने अहमदाबाद में अपना आखिरी वर्ल्ड कप मैच खेला। इसके बाद अफगानिस्तान के ओपनर दिवाली से पहले कुछ जरूरतमंदों की मदद करते दिखे।
उन्होंने बिना किसी को बताए सुबह के करीब 3 बजे दर्जनों लोगों के पास 500-500 के नोट रखे। वे सभी लोग सो रहे थे और वे नहीं चाहते थे कि कोई जाने कि उन्हें ये पैसे त्योहार से पहले कौन देकर गया है।
अहमदाबाद में सड़क किनारे कुछ लोग सो रहे थे और उसी समय रहमनुल्लाह गुरबाज ने उनके पास पैसे रख दिए, ताकि वे अच्छे से दिवाली मना सकें।
अफगानिस्तान का ये क्रिकेटर वैसे तो नहीं चाहता था कि उनके इस नेक काम की किसी को जानकारी हो, उनका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जिसे सोशल मीडिया पर जिसने भी देखा उसने गुरबाज की तारीफ की, क्योंकि बहुत कम लोग जरूरतमंदों की मदद करते हैं।
बता दें कि अफगानिस्तान के धाकड़ ऑलराउंडर राशिद खान ने तो वर्ल्ड कप की सारी मैच फीस को अपने देश में डोनेट करने का फैसला किया है, क्योंकि टूर्नामेंट की शुरुआत के समय उनके देश में एक बड़े भूकंप ने तबाही मचाई थी, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए थे।
गुरबाज ने अपने देश में अगर किसी तरह की कोई मदद की हो तो उसकी जानकारी सामने नहीं आई, क्योंकि वे बिना किसी को बताए ये मदद करते हैं।