वर्ल्ड कप प्राइज मनी : विजेता को 33 करोड़ रुपये, यहां देखें लिस्ट
भारत में जारी वनडे वर्ल्ड कप अपने अंतिम पड़ाव पर है। इस टूर्नामेंट में 46 दिन के इस बड़े आयोजन में 47 मैच हो चुके हैं। आखिरी और फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
इस मैच में भारत और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने होंगी। भारत दो बार विजेता बना है और ऑस्ट्रेलिया पांच बार खिताब जीत चुकी है। भारत की निगाह 12 साल बाद विजेता बनने पर है। इस मैच को जीतने वाली टीम पर पैसों की बारिश होगी।
आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही प्राइज मनी का ऐलान किया था। उसने टूर्नामेंट में प्राइज मनी का बजट 83.29 करोड़ रुपये (10 मिलियन अमेरिकी डॉलर) रखा था।

विजेता बननी वाली टीम को 33.31 करोड़ रुपये (चार मिलियन अमेरिकी डॉलर) मिलेंगे। फाइनल में हारनी वाली टीम को 16.65 करोड़ रुपये (दो मिलियन अमेरिकी डॉलर) से संतोष करना होगा।
सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 6.66 करोड़ रुपये (800,000 अमेरिकी डॉलर) मिले हैं। दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में हार मिली थी।
ग्रुप दौर में बाहर होने वाली छह टीमों पाकिस्तान, अफगानिस्तान, इंग्लैंड, श्रीलंका, बांग्लादेश और नीदरलैंड को भी पैसे मिले हैं। इन छह टीमों को 83.29 लाख रुपये (100,000 अमेरिकी डॉलर) मिले।
भारत ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई। कंगारू टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत दर्ज की। 20 साल बाद खिताबी मुकाबले में दोनों टीमें फिर से आमने-सामने होंगी। तब ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 125 रन से हराकर खिताब जीता था।
भारत की नजर 2003 में मिली हार का बदला लेने पर है। उसने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर 2019 विश्व कप के सेमीफाइनल में मिली हार का बदला ले लिया था।
उसकी नजर एक और बदले पर है। भारत अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलिया को पटखनी देकर 20 साल पहले फाइनल में मिली हार का बदला लेना चाहेगी।