एशियन पैरा आर्चरी चैंपियनशिप: राकेश के तीन स्वर्ण सहित भारत ने जीते 9 पदक
वर्ल्ड नंबर 5 राकेश कुमार ने गोल्ड की हैट्रिक से थाईलैंड में खेली जा रही एशियन पैरा आर्चरी चैंपियनशिप में भारत कुल 9 मेडल जीत कर मेडल टैली में शीर्ष पर रहा। भारत ने 4 स्वर्ण, 4 रजत और एक कांस्य जीता, साउथ कोरिया ने पांच मेडल के साथ दूसरे स्थान पर खत्म किया।
भारत के राकेश कुमार ने एक इंडिविजुअल इवेंट और दो टीम इवेंट में गोल्ड हासिल किए। उन्होंने इंडिविजुअल मेंस कम्पाउंड में इंडोनेशिया के केन स्वांगमिलांग को 145-144 से हराया। पुरुष कम्पाउंड टीम मे सुरज सिंह के साथ चाइना ताइपे की जोड़ी को 147-144 से हराया।

मिक्स्ड इवेंट में शीतल देवी के साथ इंडोनेशिया की जोड़ी के खिलाफ 154-149 से एकतरफा जीत दर्ज की। भारत ने महिला कंपाउंड ओपन टीम इवेंट में चौथा गोल्ड जीता। शीतल और ज्योति ने साउथ कोरिया की जिन यंग जियोंग और ना मी चोई को एकतरफा फाइनल में 148-137 से हराया।
महिला रिकर्व ओपन टीम फाइनल में भारत इंडोनेशिया से टाई-ब्रेकर में 4-5 से हार गया। हरविंदर और विवेक चिकारा की पुरुष रिकर्व डबल्स टीम साउथ कोरिया से 2-6 से हार गई और उसे सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
आदिल और नवीन की मेंस रिकर्व W1 डबल्स टीम साउथ कोरिया से 122-137 से हारकर तीसरा सिल्वर मेडल जीता। शीतल देवी को शूट-ऑफ में सिंगापुर की नूर सियाहिदा अलीम से हारकर सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। सरिता ने भारत की ही ज्योति को हरा कर ब्रॉन्ज जीता।