ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बने ऋतुराज गायकवाड़
सलामी भारतीय बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम टी-20 मैच में सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 12 गेंदों में 10 रन बनाए। उन्होंने दो चौके लगाए।
गायकवाड़ ने भले ही छोटी पारी खेली, मगर उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। दरअसल, गायकवाड़ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक टी20 अंतरराष्ट्रीय द्विपक्षीय सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने मार्टिन गप्टिल और विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है।

गायकवाड़ ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में कुल 223 रन बटोरे। न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर गप्टिल कंगारुओं के विरुद्ध एक टी20 सीरीज में 218 रन जोड़ चुके हैं।
विराट कोहली 199 रनों के साथ अब तीसरी स्थान पर आ गए हैं। उनके बाद न्यूजीलैंड के ओपनर डेवोन कॉनवे (192) हैं। गायकवाड़ ने इसके अलावा और कारनामा अंजाम दिया है। वह भारत के लिए द्विपक्षीय टी-20 सीरीज में सबसे अधिक रन बनाने वाले प्लेयर्स की फेहरिस्त में तीसरे स्थान पर आ गए हैं।
इस सूची में कोहली टॉप पर हैं। उन्होंने साल 2021 में इंग्लैंड के सामने 231 रन जुटाए थे। केएल राहुल दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 2020 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 224 रन बनाए।
बताते चले कि गायकवाड़ ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पहले टी20 में शून्य पर आउट हुए थे। हालांकि, उन्होंने उसके बाद लगातार तीन मैचों में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने दूसरे मैच में 58, तीसरे मैच में नाबाद 123 रन की पारी खेली। गायकवाड़ ने चौथे टी20 में 32 रन लगाए।
231 – विराट कोहली बनाम इंग्लैंड (2021)
224 – केएल राहुल बनाम न्यूजीलैंड (2020)
223 – ऋतुराज गायकवाड़ बनाम ऑस्ट्रेलिया (2023)
206 – ईशान किशन बनाम दक्षिण अफ्रीका (2022)
204 – श्रेयस अय्यर बनाम श्रीलंका (2022)