ईसीबी केंद्रीय अनुबंध के चलते आईपीएल 2024 में नहीं खेलेंगे जोफ्रा आर्चर
इंग्लिश तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर आईपीएल के 2024 संस्करण में नहीं खेलेंगे, क्योंकि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड अगले साल के टी20 विश्व कप की तैयारी में उनके कार्यभार पर नियंत्रण रखना चाहता है।
आर्चर ने मई 2023 के बाद से पेशेवर क्रिकेट नहीं खेला है, उस दौरान उन्हें आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते समय कोहनी के स्ट्रेस फ्रैक्चर की पुनरावृत्ति का सामना करना पड़ा था।
उन्होंने वर्ल्ड कप के दौरान कुछ समय के लिए रिजर्व के रूप में भारत की यात्रा की थी, मुंबई में प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कोहनी में अधिक दर्द का अनुभव हुआ और एक सप्ताह से कम समय बाद वह स्वदेश आ गए।

एक क्रिकेट साइट के अनुसार आर्चर ने 19 दिसंबर को दुबई में होने वाली आईपीएल नीलामी के लिए पंजीकरण नहीं कराया है। उन्होंने हाल ही में अक्टूबर 2023 से सितंबर 2025 तक चलने वाले दो वर्ष के इंग्लैंड केंद्रीय अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं और ईसीबी ने आर्चर को नीलामी के लिए पंजीकरण नहीं कराने के लिए बोला था।
इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक रॉब की ने बार-बार इस बात पर जोर दिया है कि इंग्लैंड को फ्रेंचाइजी लीगों के खिलाफ पीछे हटने के बजाय उनके साथ काम करना चाहिए। ईसीबी का मानना है कि आर्चर की वापसी का प्रबंधन करना आसान होगा यदि वह अप्रैल और मई में उसकी देखरेख में यूके में रहें, बजाय इसके कि वह भारत में आईपीएल खेलें।
आईपीएल 2022 से पहले आर्चर को शुरुआत में मुंबई इंडियंस ने 8 करोड़ रुपये में खरीदा था, फ्रेंचाइजी को मालूम था कि पीठ की चोट की वजह से वह पूरे सीजन से बाहर हो जाएंगे। पिछले हफ्ते उन्हें उनके अनुबंध से मुक्त किया गया।
उन्हें 2024 के आगाज में एसए20 के दूसरे सीज़न के लिए मुंबई इंडियंस की सहयोगी फ्रेंचाइजी एमआई केप टाउन द्वारा ‘वाइल्डकार्ड’ खिलाड़ी के रूप में बरकरार रखा गया है, उस टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी इस बात पर निर्भर करेगी कि उनका पुनर्वास कैसे आगे बढ़ता है।
उन्हें अगले हफ्ते बारबाडोस में इंग्लैंड की सफेद गेंद वाली टीम के साथ ट्रेनिंग करनी है, वह वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे या टी20 सीरीज में भाग नहीं लेंगे।