Trending

तीनों प्रयासों में भारोत्तोलक बिंदियारानी नाकाम, दूसरे स्थान पर पहुंचे अजीत

राष्ट्रमंडल खेल की रजत पदक विजेता बिंदियारानी आईडब्ल्यूएफ ग्रां प्री टू में निराशाजनक प्रदर्शन के साथ महिलाओं के 55 किलोवर्ग में क्लीन एंड जर्क वर्ग में तीनों प्रयासों में नाकाम रही।

बिंदियारानी उन दो प्लेयर्स में से थी जो अपनी स्पर्धा पूरी नहीं (डीएनएफ) कर सके । इस वर्ग में 12 भारोत्तोलकों ने भाग लिया था। वह कुल छह में से दो ही वैध लिफ्ट कर सकी और दोनों स्नैच वर्ग में थे जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 81 किलो रहा।

इस वर्ष मई में एशियाई चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाली बिंदियारानी क्लीन एंड जर्क में पहले प्रयास में 106 किलो वजन नहीं उठा सकी। 109 किलो उठाने के दोनों प्रयास नाकाम रहे।

मौजूदा राष्ट्रीय विजेता नारायण अजीत ने पुरूषों के 73 किलोवर्ग में ग्रुप सी में दूसरा स्थान हासिल किया। राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता अजीत ने स्नैच में 133 किलो और क्लीन एंड जर्क में 157 किलो समेत कुल 290 किलो वजन उठाया। ग्रुप ए की प्रतिस्पर्धा पूरी होने के बाद अंतिम तालिका तैयार की जायेगी।