जूनियर महिला हॉकी विश्व कप : क्वालिफिकेशन मैच में भारत की जीत, कोरिया की 3-1 से हार
भारत ने शुरू में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके जूनियर महिला हॉकी विश्व कप के नौवें से 12वें स्थान के क्वालिफिकेशन मैच में दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी।
इस मैच में भारत की तरफ से रोपनी कुमारी (23वें मिनट), मुमताज खान (44वें) और अन्नू (46वें) ने गोल किए। कोरिया की तरफ से एकमात्र गोल जियुन चोई (19वें) ने किया। पहले क्वार्टर में कोरिया का दबदबा रहा और इस दौरान उसने पहला पेनल्टी कार्नर हासिल किया, वह इसका फायदा नहीं उठा पाया।

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीम ने एक दूसरे पर दबाव बनाने का प्रयास किया। चोई ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके कोरिया को बढ़त दिलाई, रोपनी ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर भारत को बराबरी दिला दी। मध्यांतर तक दोनों टीम 1-1 से बराबरी पर थी।
भारत ने तीसरे क्वार्टर में दबदबा बनाया और मुमताज ने पेनाल्टी कार्नर पर गोल करके टीम को बढ़त दिलाई। अन्नू ने चौथे क्वार्टर के शुरू में मैदानी गोल करके भारत की जीत पक्की की। भारत के पास अभी 9वें स्थान पर रहने का मौका है। वह टूर्नामेंट के अपने अंतिम मैच में शनिवार को चिली या अमेरिका से भिड़ेगा।