दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद राहुल द्रविड़ व उनकी टीम के कार्यकाल पर होगी चर्चा

भारतीय चीफ कोच राहुल द्रविड़ और उनके साथ सहयोगी स्टाफ के कार्यकाल का तय दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद होगा। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने यह जानकारी मुंबई में WPL के ऑक्शन के दौरान मीडिया से बातचीत में दी।

उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप और दक्षिण अफ्रीका दौरे के बीच का समय इतना कम था कि राहुल द्रविड़ और उनकी टीम को विस्तार की पेशकश के बावजूद उनके कार्यकाल को तय नहीं किया किया जा सका है। दक्षिण अफ्रीका से वापसी के बाद इस पर चर्चा की जाएगी। फिलहाल कोच राहुल द्रविड़ टीम के साथ दक्षिण अफ्रीका गए हुए हैं।

भारतीय चीफ कोच राहुल द्रविड़ और उनके सहयोगी स्टाफ का कार्यकाल वनडे वर्ल्ड कप खत्म होने के साथ ही खत्म हो गया था। वनडे वर्ल्ड कप में भारत ने फाइनल तक सफर तय किया था। फाइनल में उसे ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। अगर फाइनल को छोड़ दिया जाए तो भारत ने सेमीफाइनल सहित लीग के सभी मैच जीते थे।

वर्ल्ड कप के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए 5 टी-20 मैचों की घरेलू सीरीज के लिए वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य कोच का जिम्मा मिला था। द्रविड़ 10 दिसंबर से शुरू होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान भारत के साथ अपना दूसरा कार्यकाल शुरू करने के लिए तैयार हैं, जिसमें दो टेस्ट के साथ-साथ तीन वनडे और टी- 20 मैच होंगे। पहला टी-20 मैच आज होगा।

दक्षिण अफ्रीका दौरे के बाद भारत को जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ घर में ही तीन टी-20 मैचों की सीरीज और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज खेलना है। इंग्लैंड के साथ पांच टेस्ट मैच हैं। यह सीरीज जून में वेस्टइंडीज/यूएसए में होने वाले आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप से पहले होगा।

जय शाह ने हार्दिक पंड्या के चोट को लेकर अपडेट दिया है। उन्होंने कहा कि पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज तक फिट हो सकते हैं। बीसीसीआई मेडिकल टीम उनके हेल्थ को लेकर नजर रखी हुई है।

पंड्या वनडे वर्ल्ड कप में पुणे में बांग्लादेश के खिलाफ मैच में चोटिल हुए थे। अपनी ही गेंद को रोकने की कोशिश में उनके बाएं टखने का लिगामेंट फट गया था। चोट के कारण वह शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गये थे।