Trending

भारत के खिलाफ टी-20 सीरीज में जीत पर दक्षिण अफ्रीका की निगाह

भारत और मेजबान दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मैच आज जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में होगा। अभी 3 मैचों की सीरीज में दक्षिण अफ्रीका 1-0 से आगे है। टीम ने दूसरा मैच 5 विकेट से जीता था, पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था।

शाम 8:30 बजे से होगा मैच

भारत सभी फॉर्मेट की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। 17 दिसंबर से 3 मैचों की वनडे सीरीज की शुरुआत होगी, उसके बाद टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। वांडरर्स स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका चौथी बार टी-20 में आमने-सामने हैं।

इससे पहले 3 में से 2 मैच भारत और एक दक्षिण अफ्रीका ने जीता है। दोनों के बीच अब तक 8 टी-20 सीरीज हुई हैं। इसमें 4 भारत जीता और 2 में दक्षिण अफ्रीका जीती। 2 सीरीज ड्रॉ रही हैं।

इस सीरीज में भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे हैं। वे इस साल टी-20 फॉर्मेट में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। दूसरे नंबर पर यशस्वी जायसवाल हैं। उन्होंने 14 मैचों में 370 रन बनाए हैं। सूर्या ने सीरीज के दूसरे मैच में 56 रन की पारी खेली थी।

सूर्या के अलावा रिंकू सिंह ने भी पिछले मैच में ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उन्होंने 39 बॉल पर 68 रन बना डाले थे। बॉलिंग अटैक की बात करें तो पेसर अर्शदीप सिंह टॉप पर हैं। दक्षिण अफ्रीका के बैटर रीजा हेंड्रिक्स और बॉलर जेराल्ड कूट्जी का शानदार फॉर्म जारी है। दोनों ने पिछले मैच में टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

हेंड्रिक्स ने 49 रन की पारी खेली थी, कूट्जी ने 3 विकेट लिए। मेजबान टीम के लिए इस फॉर्मेट में टॉप रन स्कोरर हेंड्रिक्स ही हैं। बॉलिंग में टॉप विकेटटेकर कूट्जी हैं। रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर कप्तान ऐडन मार्करम हैं। उन्होंने 7 मैचों में 214 रन बनाए हैं।

वांडरर्स स्टेडियम की पिच बैटिंग फ्रेंडली है। इस पिच पर बाउंस ज्यादा है, जिसके चलते गेंद बल्ले पर अच्छी तरह से आती है। ऐसे में बल्लेबाजों के लिए भी रन बनाने का मौका होगा। इस पिच पर भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है।

यहां कुल 32 टी-20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 15 और बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 17 मैच जीते हैं। इस मैदान पर हाईएस्ट टीम स्कोर 260 रन है, जो श्रीलंका ने 2007 में केन्या के खिलाफ बनाया था। लोएस्ट टीम स्कोर 83 है जो बांग्लादेश ने 2007 में श्रीलंका के खिलाफ बनाया था।

जोहान्सबर्ग में गुरुवार को मौसम को लेकर अच्छी खबर है। आज यहां का मौसम साफ रहेगा, थोड़े देर बादल भी रहेंगे, बारिश की महज 3% आशंका है। शुरुआती दोनों मैचों में बारिश ने बाधा डाली थी। यहां हवा की रफ्तार 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। तापमान 15 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, तिलक वर्मा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रिंकू सिंह, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मुकेश कुमार और मोहम्मद सिराज

साउथ अफ्रीका: ऐडन मार्करम (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, मैथ्यू ब्रीट्जकी, हेनरिक क्लासन, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, एंडिल फेलुक्वायो, जेराल्ड कूट्जी, तबरेज शम्सी और लिजाड विलियम्स।