आईपीएल 2024 : रोहित की जगह अब हार्दिक पंड्या मुंबई इंडियंस के कप्तान
आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या को आगामी सीजन के लिए टीम का कप्तान नियुक्त किया है। रोहित शर्मा पिछले 10 वर्ष से टीम की कमान संभाल रहे हैं। इस बार फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन से पहले बड़ी डील करते हुए हार्दिक को टीम से फिर से जोड़ा और उन्हें कप्तान बनाए जाने की घोषणा कर दी है। आईपीएल नीलामी 19 दिसंबर को होने वाली है।

शुक्रवार को एक प्रेस रिलीज में मुंबई इंडियंस के ग्लोवल हेड ऑफ परफॉर्मेंस महेला जयवर्धने ने बोला, ”मुंबई इंडियंस को सचिन से लेकर हरभजन और रिकी से लेकर रोहित तक हमेशा असाधारण नेतृत्व का आशीर्वाद मिला है, जिन्होंने तत्काल सफलता में योगदान देने के साथ-साथ भविष्य के लिए टीम को मजबूत करने पर भी नजर रखी है।
यह इस दर्शन के अनुरूप है कि हार्दिक आईपीएल 2024 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे। मुंबई इंडियंस ने आज आगामी 2024 सीजन के लिए लीडरशिप ग्रुप में बड़ा बदलाव किया है। सबसे सफल और पसंदीदा कप्तानों में से रोहित को कैंप्टेसी के पद से हटा दिया है। उनकी जगह हार्दिक पांड्या लेंगे।
मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस से आईपीएल 2024 की नीलामी से पहले हार्दिक को 15 करोड़ रुपए में फुल कैश ट्रेड किया है। जिससे अटकलें तेज हो गई थी कि शायद हार्दिक को अगले सीजन के लिए टीम का कप्तान बनाया जाए और आज फ्रेंचाइजी ने हार्दिक को कप्तान बनाकर इसको सही साबित कर दिया है।
हार्दिक के नेतृत्व में गुजरात टाइटंस ने दमदार प्रदर्शन किया था और दोनों बार फाइनल में जगह बनाई थी। आईपीएल 2022 में हार्दिक के नेतृत्व में गुजरात टाइटंस चैंपियन भी बनी थी। बताते चले कि हार्दिक ने 2015 में आईपीएल में डेब्यू किया था और 2021 तक वह मुंबई इंडियंस से ही जुड़े रहे।
2013 में रोहित ने मुंबई इंडियंस की कमान संभाली थी। इस सीजन रिकी पोंटिंग के नेतृत्व में मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने रोहित को टीम का कप्तान चुना था और फिर उन्होंने मुड़कर पीछे नहीं देखा।
रोहित ने अपने नेतृत्व में टीम को पांच बार चैंपियन बनाया। जोकि आईपीएल के इतिहास में रिकॉर्ड है। मुंबई के अलावा चेन्नई के कप्तान एमएस धोनी पांच बार खिताब जीतने में कामयाब हुए हैं। रोहित शर्मा के नेतृत्व में मुंबई इंडियंस 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में चैंपियन बनी।