Trending

भारत के खिलाफ विजय अभियान जारी रखना चाहेगी दक्षिण अफ्रीका

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचो की वनडे सीरीज का पहला मैच रविवार को जोहान्सबर्ग के न्यू वांडरर्स स्टेडियम में होगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जिसका टॉस दोपहर 1:00 बजे होगा। दोनों टीमें वर्ल्ड कप के बाद पहला वनडे खेल रही हैं। वर्ल्ड कप में हार के बाद दोनों ही टीमें जीत के साथ नई शुरुआत करने उतरेंगी।

तीन मैचो की वनडे सीरीज का पहला मैच आज

भारत को वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने 6 विकेट से हराया था, दक्षिण अफ्रीका दूसरे सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से 3 विकेट से हारी थी। टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका में पिछले तीन वनडे गंवा चुकी है। टीम ने 2022 के दौरे के दौरान केपटाउन और पर्ल में 3 मैच गंवाए थे। इस मैदान पर भी आखिरी वनडे गंवाया था। ऐसे में दक्षिण अफ्रीका अपना विजयी अभियान जारी रखना चाहेगी।

अफ्रीकी पिचों पर भारत का वनडे रिकॉर्ड खराब है। टीम ने यहां पिछली 5 में से 4 सीरीज गंवाई हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका में इकलौती वनडे सीरीज 2018 में विराट की कप्तानी में जीती थी। दोनों के बीच अब तक 14 सीरीज हुई हैं, इनमें 7 भारत ने जीती, 6 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली। एक सीरीज ड्रॉ रही है।

भारतीय कप्तान केएल राहुल भारत में इस साल के टॉप स्कोरर हैं। वे 983 रन बना चुके हैं और एक हजार रन पूरे करने से 17 रन दूर है। इस सूची में शुभमन गिल (1584 रन), विराट कोहली (1377 रन) और रोहित शर्मा (1255 रन) को शामिल नहीं किया गया है, क्योंकि वे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं।

गेंदबाजी में कुलदीप यादव इस साल 48 विकेट ले चुके हैं। वे 50 विकेट पूरे करने से 2 विकेट दूर हैं। दक्षिण अफ्रीका कप्तान एडन मार्करम ने भी इस साल सबसे ज्यादा 983 रन बनाए हैं। उनके नाम 3 शतक और 5 अर्धशतक हैं। गेंदबाजी में केशव महाराज इस साल 24 विकेट ले चुके हैं। टॉप विकेट टेकर्स की सूची में मार्को यानसन (33 विकेट) और जेराल्ड कुट्जी (31 विकेट) के नाम शामिल नहीं किए गए हैं, क्योंकि वे वनडे स्क्वॉड का हिस्सा नहीं हैं।

वांडरर्स की पिच पर हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद है। यहां पहली पारी में एवरेज स्कोर 275 रन है। दूसरी पारी में औसतन 190 रन बनते हैं। जोहान्सबर्ग में रविवार को मौसम साफ रहेगा। यहां बारिश के आसार नहीं हैं। ऐसे में फैन्स मैच का लुफ्त उठा सकेंगे।

पहले टी-20 में भारतीय फिनिशर रहे रिंकू सिंह और साई सुदर्शन, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज आंद्रे बर्गर इस मैच में डेब्यू कर सकते हैं। भारतीय कप्तान केएल राहुल ने प्री मैच कॉन्फ्रेंस के दौरान रिंकू और साई सुदर्शन के डेब्यू के संकेत दिए हैं।

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत: केएल राहुल (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा/संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार

दक्षिण अफ्रीका: एडन मार्करम (कप्तान), रीजा हेंड्रिक्स, टोनी डी जोराजी, रासी वान डर डुसन, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, एंडिल फेलुक्वायो, वियान मुलडर, नांद्रे बर्गर, केशव महाराज/तबरेज शम्सी, लिजाड विलियम्स