Trending

छह मैचों में पांचवीं जीत के साथ पुनेरी पल्टन शीर्ष पर

मेजबान पुनेरी पल्टन ने श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हुए प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन के पुणे लेग के अंतिम मैच में बेंगलुरू बुल्स को 43-18 से हराया। पल्टन छह मैचों में पांचवीं जीत के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर हैं, बुल्स सात मैचों में पांचवीं हार के साथ आठवें स्थान पर हैं।

पल्टन ने घरेलू दर्शकों के सामने शानदार ऊर्जा दिखाते हुए रेड और डिफेंस में 17-17 अंक बटोरे, बुल्स उनके सामने कहीं नहीं टिक सके। बुल्स को रेड में 10 और डिफेंस में 8 अंक मिले। बुल्स के लिए रोहित नांदल (6) ने हाई-5 लगाया, विकास कंडोला ने 5 अंक बटोरे।

@prokabaddi

पुणे के लिए मोहम्मदरेजा शादलू ने हाई-5 लगाया और मोहित गोयत ने 8 अंक अपने नाम किए। लगातार चार हार के बाद जीत की पटरी पर लौटी बुल्स एक बार फिर बेपटरी हो गई। पल्टन के डिफेंस और रेड विभाग ने बेहतरीन शुरुआत की और चौथे मिनट में अपनी टीम को 6-1 की लीड दिलाई।

बुल्स टीपर आलआउट का खतरा था और इसे अंजाम देकर पल्टन ने 10-2 की लीड ले ली। पुणे टीम यहीं नहीं रुकी और जल्द ही अपनी लीड 15-2 कर ली। बुल्स के लिए सुपर टैकल आना था, कंडोला ने इसे टाल दिया। बुल्स के डिफेंस ने मोहित को बाहर भेज लगातार दूसरा अंक बटोरा।

भरत पहले ही बाहर थे और ब्रेक के बाद कंडोला भी आउट कर दिए गए। अब तक बुल्स ने सात फेल्ड टैकल किए थे, पल्टन ने सिर्फ एक गलती की थी। उसने एक और शिकार कर अपनी लीड 18-4 कर ली। पल्टन ने बुल्स को दूसरी बार आलआउट कर 22-5 की लीड ले ली।

पल्टन के डिफेंस ने गरज जारी रखा। शादलू ने दूसरा टैकल कर अपनी टीम को 26-6 से आगे किया। मोहित ने डू ओर डाई रेड पर अमन को आउट कर बुल्स को सुपर टैकल की स्थिति में ला दिया, कंडोला ने मल्टी प्वाइंट रेड के साथ टीम की वापसी कराई। हाफ टाइम तक पल्टन 28-8 से आगे थे औऱ बुल्स के लिए सुपर टैकल आना था।

बुल्स सुपर टैकल की स्थिति का फायदा नहीं उठा सके और तीसरी बार आलआउट होकर मैट पर लौटे। अब स्कोर 33-10 के साथ पल्टन के पक्ष में था। पल्टन के डिफेंस ने 13वीं सफलता के साथ उसे 35-10 से आगे किया। 10 मिनट बचे थे और 27 अंक की लीड के साथ पल्टन की जीत पक्की लगने लगी थी।

मोहम्मदरेजा शादलू ने इस सीजन का अपना दूसरा हाई-5 पूरा किया। बुल्स के लिए वापसी की कोई संभावना नहीं थी। यह टीम टुकड़ों में अच्छा खेली, पल्टन ने जिस तरह का सम्पूर्ण खेल दिखाया, उस लिहाज से वह इस बड़ी जीत का हकदार थी। अब सभी टीमें चेन्नई का रुख करेंगी, जहां तमिल थलाइवाज सभी टीमों की मेजबानी करेगा।