Trending

राष्ट्रीय महिला मुक्केबाजी: स्वीटी बूरा, पूजा रानी की प्री क्वार्टर फाइनल में इंट्री

जीबीयू इंडोर स्टेडियम में जारी 7वीं एलीट महिला राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप के राउंड-16 में मौजूदा विश्व विजेता स्वीटी बूरा और दो बार की एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता पूजा रानी ने एंट्री ली है।

स्वीटी को 81 किग्रा मैच में 4-1 से जीत दर्ज करने से पहले रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड (आरएसपीबी) की अल्फिया से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, टोक्यो ओलंपियन पूजा ने 75 किग्रा मैच में नागालैंड की रेनू के खिलाफ दबदबा बनाए रखा और 5-0 से शानदार जीत दर्ज की।

स्वीटी और पूजा के अलावा, 2022 विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मनीषा मौन (60 किग्रा) और सानेह (70 किग्रा) हरियाणा की अन्य मुक्केबाज थीं जिन्होंने जीत दर्ज की और अंतिम-16 चरण में जगह बनायीं।

साभार : गूगल

आरएसपीबी की नुपुर अपने 81 किग्रा राउंड-16 मैच में दिल्ली की हिमांशी अंतिल के सामने थीं। नुपुर ने तेज और आक्रामक मुक्केबाजी का प्रदर्शन करते हुए रेफरी स्टॉपिंग द कॉन्टेस्ट (आरएससी) के फैसले के साथ पहले राउंड में जीत दर्ज करने में समय बर्बाद नहीं किया। क्वार्टर फाइनल में नुपुर का मैच उत्तराखंड की मोनिका साहून से होगा।

दूसरे दिन उत्तर प्रदेश के मुक्केबाजों का दबदबा देखने को मिला और चार ने अपने-अपने मुकाबलों में शानदार जीत हासिल की। अपराजिता मणि (57 किग्रा) और रिंकी शर्मा (63 किग्रा) ने क्रमशः महाराष्ट्र की आर्या बारटाके (5-2) और तमिलनाडु की वी मोनिशा (5-0) को हराया, रेखा (66 किग्रा) और दीपिका (75 किग्रा) ने क्रमशः तेलंगाना की पूजा बिस्वास और ओडिशा की सुनीता जेना के खिलाफ आरएससी जीत हासिल की।

बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित चल रहे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 12 श्रेणियों में 300 से अधिक मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया है। फाइनल बुधवार को होगा।