भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच पहला टेस्ट आज से, बारिश की 92 फीसदी आशंका
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 टेस्ट की सीरीज का पहला मुकाबला आज से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क मैदान में 1:30 बजे से शुरू होगा। टॉस दोपहर एक बजे होगा। भारत दक्षिण अफ्रीका में एक भी टेस्ट सीरीज नहीं जीत सकी है। दोनों ही टीमों के लिए सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिहाज से अहम है।
भारत ने इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और एशिया के सभी देशों में टेस्ट सीरीज जीतीं। भारत को ऑस्ट्रेलिया तक में 2 बार सफलता मिल चुकी है, टीम दक्षिण अफ्रीका में कोई सीरीज नहीं जीत सकी। दक्षिण अफ्रीका में भारत ने 8 सीरीज खेलीं, शुरुआती 4 भारत ने एकतरफा गंवाईं। 2010 में पहली बार सीरीज ड्रॉ रही और 2013 से 2021 तक 3 बार भारत सीरीज जीत के करीब पहुंची, तीनों में टीम को हार ही मिली।

भारत ने कुल 23 टेस्ट खेले और टीम को 4 टेस्ट यानी 17.39% मुकाबलों में ही जीत मिली। टीम ने 12 टेस्ट गंवाए, 7 मैच ड्रॉ रहे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कुल 15 टेस्ट सीरीज खेली गईं। इसमें 4 भारत जीता, 8 में दक्षिण अफ्रीका को जीत मिली और 3 सीरीज ड्रॉ रहीं।
दोनों टीमों के बीच ओवरऑल 42 टेस्ट खेले गए। भारत ने 15 और दक्षिण अफ्रीका ने 17 मुकाबले जीते, 10 टेस्ट ड्रॉ रहे। टीम इंडिया तीनों फॉर्मेट की सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। इसकी शुरुआत टी-20 सीरीज से हुई। तीन मैचों की यह सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही। वनडे सीरीज खेली गई, जो टीम इंडिया ने 2-1 से जीती।
सीरीज में भारत की कप्तानी रोहित शर्मा कर रहे हैं। टीम इंडिया के रेगुलर कप्तान रोहित ने वर्ल्ड कप के बाद वनडे और टी-20 सीरीज से ब्रेक लिया। उनकी गैरमौजूदगी में टी-20 की कप्तानी सूर्यकुमार यादव और वनडे में केएल राहुल ने की थी।
इस वर्ष टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन विराट कोहली ने बनाए, उनके नाम 557 रन है। बॉलिंग में स्पिनर आर अश्विन टॉप पर हैं, उनके नाम 40 विकेट हैं। दक्षिण अफ्रीका की कमान टेम्बा बावुमा संभाल रहे हैं। टीम के लिए साल 2023 में ऐडन मार्करम टॉप रन स्कोरर हैं, उन्होंने 276 रन बनाए। टॉप विकेट टेकर की लिस्ट में कगिसो रबाडा पहले नंबर पर हैं, उन्होंने 3 टेस्ट में 13 विकेट लिए हैं।
मैच में बन सकते हैं ये रिकॉर्ड्स
रविचंद्रन अश्विन 500 टेस्ट विकेट पूरे करने से 11 विकेट दूर हैं।
केशव महाराज 13 विकेट लेते ही टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के लीडिंग विकेट टेकर स्पिनर बन जाएंगे। दक्षिण अफ्रीका के लिए स्पिनर ह्यूज टैफील्ड ने सबसे अधिक 170 विकेट लिए हैं। महाराज के नाम 158 टेस्ट विकेट हैं।
टेम्बा बावुमा 3000 टेस्ट रन बनाने से 3 रन दूर हैं। शुभमन गिल 1000 टेस्ट रन बनाने से 34 रन दूर हैं। सेंचुरियन स्टेडियम की पिच पर गेंदबाज अधिक इफेक्टिव साबित हो सकते हैं। यहां तेज गेंदबाज ज्यादा सफल रहते हैं, स्पिनर्स को ज्यादा मदद नहीं मिलती।
सुपरस्पोर्ट पार्क में कुल 28 टेस्ट खेले गए। पहले बैटिंग करने वाली टीम ने 13 और बाद में बैटिंग करने वाली टीम ने 12 मैच जीते हैं। 3 मैच ड्रॉ भी रहे। टीम इंडिया ने यहां 3 टेस्ट खेले, एक भारत ने जीता, 2 में टीम को हार मिली। टीम ने यहां 2021 में पिछला टेस्ट 113 रन के अंतर से जीता था, जिसमें केएल राहुल ने सेंचुरी लगाई थी।
सेंचुरियन में मंगलवार को मौसम को लेकर अच्छी खबर नहीं है। आज यहां बारिश की 92% आशंका है। हवा की रफ्तार 15 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहेगी। तापमान 13 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, केएल राहुल (विकेटकीपर), शार्दूल ठाकुर/आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा
दक्षिण अफ्रीका: टेम्बा बावुमा (कप्तान), डीन एल्गर, कीगन पीटरसन/टोनी डी जॉर्जी, ऐडन मार्करम, डेविड बेडिंघम, मार्को यानसन, काइल वेरियन (विकेटकीपर), केशव महाराज, लुंगी एनगिडी, कगिसो रबाडा, जेराल्ड कूट्जी/नांद्रे बर्गर