Trending

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत, हरमनप्रीत कौर ने सिद्धि विनायक मंदिर में की पूजा

महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में पहली जीत के बाद भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर मंगलवार को मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की। कप्तान हरमनप्रीत के साथ टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार मौजूद रहे।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 21 से 24 दिसंबर के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुए टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराया था। महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत की ऑस्ट्रेलिया पर यह पहली टेस्ट जीत रही।

इससे पहले भारत और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीमों के बीच पांच टेस्ट सीरीज हुई थीं, जिसमें तीन ऑस्ट्रेलिया जीता। दो ड्रॉ रहे थे। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज और इतने ही मैचों की टी-20 सीरीज होगी। वनडे सीरीज के पहला मैच 28 दिसंबर को मुंबई में ही होगा।

@pdevendra

मैच के चौथे और आखिरी दिन रविवार 24 दिसंबर को ऑस्ट्रेलिया टीम दूसरी पारी में 161 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत को जीत के लिए 75 रन का टारगेट मिला। इसे भारत ने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। स्नेह राणा प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं।

इससे पहले, मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में 14 से 17 दिसंबर के बीच हुए इकलौते टेस्ट में भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 347 रन से हराया था। महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत थी।

इससे पहले श्रीलंका महिला टीम ने 1998 में पाकिस्तान को 309 रन से हराया था। वहीं, न्यूजीलैंड ने 1972 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 188 रन से जीत हासिल की थी।