Trending

ब्रिस्बेन इंटरनेशनल से टेनिस में लौटेंगे नडाल और ओसाका

विश्व के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल और नाओमी ओसाका रविवार से यहां शुरू होने वाले ब्रिस्बेन इंटरनेशनल टूर्नामेंट से प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी करेंगे।

आस्ट्रेलिया और अमेरिकी ओपन की पूर्व विजेता ओसाका मां बनने के बाद खेल में वापसी करेंगी और उन्होंने बुधवार को यहां अभ्यास सत्र में हिस्सा लेकर तैयारी शुरू कर दी। ओसाका पिछले साल आस्ट्रेलियाई ओपन से हट गई थी और बाद में उन्होंने खुलासा किया था कि वह गर्भवती थी।

नडाल चोट से उबरने के बाद वापसी करने के लिए तैयार हैं। उन्हें ब्रिस्बेन में विंबलडन फाइनलिस्ट माटेओ बेरेटिनी और 2020 के अमेरिकी ओपन चैंपियन डोमिनिक थिएम की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा।

विश्व में आठवें नंबर के खिलाड़ी होल्गर रून इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सर्वाधिक रैंकिंग के खिलाड़ी हैं। अमेरिका के बेन शेल्टन और तीन बार के ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन एंडी मर्रे इस टूर्नामेंट में भाग लेंगे।

महिला वर्ग के एकल में ओसाका के अलावा मौजूदा आस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन आर्यना सबालेंका, एलेना रयबाकिना, येलेना ओस्टापेंको, विक्टोरिया अजारेंका, सोफिया केनिन और सलोन स्टीफंस इस प्रतियोगिता में अपना भाग्य आजमाएंगे।