Trending

सेंचुरियन टेस्ट : डीन एल्गर का शानदार शतक, दक्षिण अफ्रीका 256/5

केएल राहुल के शतक के बाद जल्द ही संन्यास लेने वाले डीन एल्गर ने पलटवार करते हुए नाबाद शतक मारा, जिससे दक्षिण अफ्रीका ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन यहां पांच विकेट पर 256 रन के साथ 11 रन की बढ़त बनाकर अपनी स्थिति मजबूत कर ली।

राहुल ने 137 गेंद में 101 रन की पारी खेली जिससे भारत ने पहली पारी में 245 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने एल्गर (211 गेंद में नाबाद 140, 23 चौके) और डेब्यू कर रहे डेविड बेडिंगहम (87 गेंद में 56 रन, सात चौके, दो छक्के) के बीच चौथे विकेट की 131 रन की साझेदारी से बढ़त हासिल करके अपना पलड़ा भारी रखा।

स्टंप के समय मार्को यानसन तीन रन बनाकर एल्गर का साथ निभा रहे थे। एल्गर मौजूदा टेस्ट श्रृंखला के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं।

Credits : Espncricinfo

गेंदबाजी की अनुकूल पिच पर भारतीय गेंदबाज असरहीन दिखे। जसप्रीत बुमराह (48 रन पर दो विकेट) और मोहम्मद सिराज (63 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी जोड़ी ने दबाव बनाया, तीसरे और चौथे तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में उतरे शार्दुल ठाकुर (बिना विकेट के 57 रन) और डेब्यू कर रहे प्रसिद्ध कृष्णा (61 रन पर एक विकेट) ने दिशाहीन गेंदबाजी की जिसका दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजों ने पूरा फायदा उठाया।

शार्दुल और प्रसिद्ध गेंदबाजी की अनुकूल पिच पर प्रभावहीन नजर आए और दोनों ने बल्लेबाजों को आसानी से रन बनाने के मौके दिए। सिराज ने ऐडन मार्कराम (05) को विकेटकीपर राहुल के हाथों कैच कराके भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई।

एल्गर और टोनी डिजॉर्जी (28) ने तीसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़कर मेजबान टीम की स्थिति मजबूत की। बुमराह ने डिजॉर्जी को तीसरी स्लिप में यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराके इस साझेदारी का अंत किया।

भारत के पिछले दौरे पर शानदार प्रदर्शन करने वाले कीगन पीटरसन दो रन बनाकर बुमराह की गेंद को विकेटों पर खेल गए जिससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर तीन विकेट पर 113 रन हो गया। एल्गर ने स्वच्छंद होकर बल्लेबाजी की। उन्होंने शॉर्ट गेंद के खिलाफ कट और पुल शॉट खेले।

बेडिंगहम ने उनका अच्छा साथ निभाते हुए प्रसिद्ध और शार्दुल पर छक्के मारे। एल्गर ने शार्दुल की नोबॉल पर चौके के साथ 140 गेंद में भारत के खिलाफ दूसरा और करियर का 14वां टेस्ट शतक पूरा किया। चाय के बाद बेडिंगहम ने बुमराह के चार ओवर में तीन चौके मारे। उन्होंने प्रसिद्ध की गेंद पर एक रन के साथ 80 गेंद में डेब्यू टेस्ट में अर्धशतक पूरा किया।

बेडिंगहम ने सिराज पर चौका जड़ा, इस तेज गेंदबाज ने अपने अगले ओवर में उन्हें आउट कर दिया। काइल वेरिने (04) ने सिराज पर चौके के साथ खाता खोला और साथ ही टीम को बढ़त दिलाई, अगले ओवर में प्रसिद्ध की बाउंसर पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया था डीआरएस लेने पर वेरिने को पवेलियन लौटना पड़ा।

ख़राब रोशनी के कारण खेल रोकना पड़ा जो दोबारा शुरू नहीं हो पाया। कप्तान तेंबा बावुमा कल क्षेत्ररक्षण करते हुए पैर में चोट लगा बैठे थे जिसके कारण बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे हैं। इससे पहले राहुल ने दिन की शुरुआत नाबाद 70 रन से करते हुए शतक जड़ा। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और चार छक्के मारे तथा अपने करियर का आठवां टेस्ट शतक जड़ा।

वह आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। मुश्किल हालात पर गौर करें तो सेना देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में किसी भारतीय बल्लेबाज की यह सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक है। कोई विदेशी बल्लेबाज सुपर स्पोर्ट पार्क पर दो टेस्ट शतक नहीं लगा पाया है और अब यह विशिष्ट रिकॉर्ड राहुल के नाम है।

राहुल की यह पारी इसलिए भी काबिले तारीफ है क्योंकि इसी साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें खराब फॉर्म के कारण टीम से बाहर किया गया था। राहुल ने सुबह के सत्र में कुछ आकर्षक शॉट खेले। उन्होंने कगिसो रबाडा (59 रन पर पांच विकेट) पर चौका जड़ने के बाद इस तेज गेंदबाज पर स्क्वायर लेग पर छक्के के साथ 90 रन के स्कोर को पार किया।

राहुल ने गेराल्ड कोएट्जी (74 रन पर एक विकेट) पर अपने चौथे छक्के के साथ शतक पूरा किया। उन्होंने सिराज (22 गेंद में पांच रन) के साथ नौवें विकेट के लिए 47 रन जोड़कर टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

कोएट्जी ने सिराज को विकेटकीपर काइल वेरिने के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा। राहुल शतक पूरा करने के तुरंत बाद नांद्रे बर्गर (50 रन पर तीन विकेट) की गेंद पर बोल्ड हो गए जिससे भारतीय पारी का अंत हुआ।