पीकेएल 10 : तेलुगु टाइटंस के खिलाफ पुनेरी पलटन की धमाकेदार जीत
असलम इनामदार की अगुवाई और मोहित गोयत के सुपर-10 से पुनेरी पलटन ने जीत के साथ साल 2024 का आगाज किया है। पुनेरी पलटन टीम ने यहां नोएडा इंडोर स्टेडियम में हुए प्रो कबड्डी लीग के 10वें सीजन के 51वें मैच में तेलुगु टाइटंस को 54-18 से मात देकर अंकतालिका में शीर्ष पर आ गई।
पुनेरी के लिए मोहित गोयत ने 13 और असलम ने आठ अंक लिए। तेलुगु टाइटंस के कप्तान पवन सहरावत दो प्वॉइंट ही ले पाए। पुनेरी पलटन की आठ मैचों में यह सातवीं और लगातार पांचवीं जीत है। टीम के 36 अंक हो गए हैं और वह अंकतालिका में नंबर वन पर आ गई है।

तेलुगु टाइटंस को नौ मैचों में आठवीं हार है। टीम आठ अंक लेकर 12वें नंबर पर है। हाईफ्लायर पवन सहरावत और मोहम्मद रेजा शादलू के बीच इस जंग में पुनेरी के पास पांच मिनटों में एक अंक की बढ़त थी।
जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया पुनेरी काडिफेंस अपने रंग में लौटने लगा। नौवें मिनट तक दोनों टीमें 6-6 की बराबरी पर थीं। अगले ही मिनट में पुनेरी ने शादलू के एक प्वॉइंट की लीड ले ली।
पहले 10 मिनट के अंदर पवन पांच रेड में से एक ही प्वॉइंट ले पाए। 13वें मिनट में रेड करने आए मोहित गोयत ने सुपर रेड लगाकर पवन को मैट से बाहर किया और अपनी टीम को तीन अंक और दिला दिए।
शादलू ने 52 वें मैच में अपने 200 टैकल प्वाइंट पूरे कर लिए। पुनेरी ने साथ ही तेलुगु टाइटंस को मैच में पहली बार ऑल आउट कर के अपने स्कोर को 16-9 तक पहुंचाया। पुनेरी पलटन के पास 15वें मिनट तक सात अंकों की लीड थी। टीम ने इसे लगातार मजबूत करते हुए अपनी लीडको 10 अंकों का कर लिया।
तेलुगु टाइटंस टीम पहले हाफ में ही काफी पिछड़ गई क्योंकि 20वें मिनट में टीम के एक बार फिर से ऑल आउट की कगार पर आ गई। हाफटाइम की समाप्ति तक पुनेरी ने 13 अंकों की लीड बना ली और स्कोर 23-13 से उसके पक्ष में रहा।
असलम इनामदार की टीम ने दूसरे हाफ के शुरू होते ही तेलुगु टाइटंस को दूसरी बार ऑल आउट कर दिया और 16 अंकों की शानदार लीड के साथ स्कोर को 26-10 तक पहुंचाया। ऑल आउट होकर ऑल इन हुई तेलुगु टाइटंस टीम और उसके खिलाड़ी कुछ खास कमाल नहीं कर पा रहे थे। 25वें मिनट तक पुनेरी के पास 21 अंक की लीड हो चुकी थी।
30वें मिनट में पुनेरी ने मैच में तीसरी बार तेलुगु टाइटंस को ऑल आउट दे दिया और अपने स्कोर को 39-11 तक पहुंचाया। अंतिम 10 मिनटों के खेल में पुनेरी का दबदबा कायम रहा। मोहित गोयत ने अपना सुपर-10 भी लगा दिया।
34वें मिनट में तेलुगु टाइटंस फिर से ऑलआउट हो गई और स्कोर 48-13 से पुनेरी के पक्ष में हो गया। पुनेरी ने अंतिम मिनटों में भी आसानी से अंक लेते हुए 54-18 से सीजन 10 की सबसे बड़ी जीत अपने नाम कर ली।