Trending

अफगानिस्तान ने यूएई को 4 विकेट से दी मात, टी-20 सीरीज अपने नाम की

अफगानिस्तान ने शारजाह में हुए आखिरी टी-20 में यूएई को 4 विकेट से मात देकर तीन टी-20 मैचों की सीरीज को 2-1 से जीत लिया है। दोनों टीमें ने इससे पहले एक- एक मैच जीत कर सीरीज में बराबरी पर थीं।

यूएई ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने 18.3 ओवरों में 6 विकेट गंवाकर 128 रन बना दिए और 4 विकेट से जीत दर्ज कर ली। अफगानिस्तान से जीत के हीरो नवीन उल हक रहे। उन्होंने 4 ओवर में 20 रन देकर 4 विकेट लिए।

Credits : Espncricinfo

यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 15 रन पर दो विकेट गिरे। पहले आर्यन लकड़ा नवीन उल हक की गेंद पर आउट हो गए। इसी स्कोर पर वृत्या अरविंद को बिना खाता खोले ही नवीन ने आउट किया।

यूएई की आधी टीम 56 रन पर ही पवेलियन लौट चुकी थी। पावर प्ले यानी 6 ओवर के बाद यूएई ने 4 विकेट खोकर 38 रन ही बनाए थे। यूएई से निचले क्रम के बल्लेबाजों ने रन बनाकर स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

अली नसीर ने 21, अयान अफजल खान ने 10, अकीफ रजा ने 10 और मुहम्मद जावादुल्लाह ने 13 रन बनाए। टीम 20 ओवर में 126 रन तक पहुंचने में सफल रही। अफगानिस्तान से सफल गेंदबाज नवीन उल हक रहे। उन्होंने 4 ओवर के बाद 20 रन देकर 4 विकेट लिए। अजमतुल्लाह उमरजई ने 2 और कैस अहमद ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए।

अफगानिस्तान से हजरतुल्लाह जजई ने 32 गेंदों पर 36 रन बनाए। रहमानुल्लाह गुरबाज के साथ पहले विकेट के लिए 30 रन की साझेदारी की। गुरबाज ने 14 गेंद पर 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कप्तान इब्राहिम जादरान ने 30 गेंद पर 23 रन बनाए और टीम के स्कोर को 67 रन तक लेकर गए। नजिबुल्लाह जादरान के 13 गेंद पर 28 रन की पारी ने टीम को जीत दिलाई।