Trending

जूनियर पहलवानों का विरोध, साक्षी, विनेश व बजरंग के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

भारतीय कुश्ती संघ को लेकर जारी विवाद में नया मोड़ आ गया। अब तक आंदोलन करने वाले और अपने सम्मान भी लौटाने वाले साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट के खिलाफ ही प्रदर्शन शुरू हो गया है।

बुधवार को जंतर-मंतर पर सैकड़ों पहलवान जुटे और उन्होंने इन तीनों का विरोध किया। इन लोगों के हाथों में बैनर भी थी, जिनमें नारे लिखे हैं। इनमें से एक में लिखा था- कर दिया देश की कुश्ती को बर्बाद, साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया औऱ विनेश फोगाट। ये जूनियर पहलवान बसों से यूपी, हरियाणा और दिल्ली से आए हैं।

पुलिस का बोलना है कि इन लोगों के प्रदर्शन के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी। इन आंदोलनकारी जूनियर पहलवानों में बागपत के छपरौली से आए 300 लोग हैं। इसके अलावा नरेला की वीरेंद्र कुश्ती अकादमी से भी कुछ लोग आए हैं।

यही नहीं इन लोगों का बोलना है कि अभी कुछ और पहलवान यहां आ रहे हैं। इन लोगों ने जंतर-मंतर पर ही प्रदर्शन का फैसला लिया, जहां एक महीने से ज्यादा समय तक साक्षी मलिक, बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट डटे रहे थे। इन लोगों ने जंतर-मंतर पहुंचने के बाद तीनों सीनियर पहलवानों के खिलाफ नारेबाजी भी की।

इस बीच पुलिसकर्मियों को इन जूनियर पहलवानों को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। एड-हॉक पैनल फिलहाल काम कर रहा है, इससे विवाद की वजह से कुश्ती प्लेयर्स को मुश्किल भरा सफर तय करना पड़ा रहा है क्योंकि जनवरी 2023 से राष्ट्रीय शिविर और प्रतियोगिताएं रुकी हुई हैं क्योंकि कुश्ती संघ को दो बार निलंबित किया गया है और एक एड-हॉक पैनल खेल का संचालन कर रहा है।

अब जूनियर प्लेयर्स की मांग है कि खेल मंत्रालय द्वारा खेल को चलाने के लिए नियुक्त किए गए एड-हॉक पैनल को भंग करके निलंबित डब्ल्यूएफआई को बहाल किया जाए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि ये पहलवान हाथों में बैनर थे, जिन पर लिखा था, ‘UWW हमारी कुश्ती को इन 3 पहलवानों से बचाएं, कर दिया देश की कुश्ती को बर्बाद।

बता दे कि भारतीय कुश्ती संघ के निलंबन के बाद उसका कामकाज देखने के लिए भारतीय ओलंपिक संघ ने तीन सदस्यों की एक एडहॉक कमेटी बनाई है। आईओए की कार्यकारी समिति के सदस्य भूपिंदर सिंह बाजवा को इस एडहॉक पैनल का अध्यक्ष बनाया गया है।

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान एमएम सोमाया और भारतीय टीम की पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी मंजूषा कंवर इसके सदस्य होंगे. भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा की ओर से बुधवार को जारी एक आदेश में इसकी जानकारी दी है.

डब्ल्यूएफआई के पिछले हफ़्ते हुए चुनाव के पहले भूपिंदर सिंह बाजवा के नेतृत्व में ही एडहॉक पैनल काम कर रहा था। संजय सिंह के अध्यक्ष बनते ही इस पैनल की ज़रूरत ख़त्म हो गई थी। संजय सिंह के नेतृत्व वाली डब्ल्यूएफआई ने एडहॉक पैनल के लिए सारे फ़ैसलों को रद्द कर दिया।