ऑल इंडिया मीडिया प्रीमियर लीग 2024 : लखनऊ व प्रयागराज के बीच मैच से होगी शुरुआत
लखनऊ: पिछले संस्करण की विजेता मेजबान लखनऊ की ऑल इंडिया मीडिया प्रीमियर लीग (एआईएमपीएल) 2024 के उद्घाटन मैच में 5 जनवरी को खिताब की प्रबल दावेदार प्रयागराज से टक्कर होगी। गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर यह मुकाबला शुक्रवार सुबह नौ बजे से खेला जाएगा।
गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर 5 से 7 जनवरी तक आयोजन
दूसरी ओर दिन के दूसरे लीग मैच में पिछली उपविजेता चंडीगढ़ और कानपुर के बीच दोपहर 12.30 बजे से मुकाबला खेला जाएगा। इस बारे में आयोजन सचिव गुलशन द्विवेदी ने जानकारी दी कि तीन दिवसीस इस मीडिया खेल महोत्सव के दौरान क्रिकेट के अलावा फुटबॉल किकिंग और गोल्फ पटिंग के भी मुकाबले आयोजित होंगे।

वहीं टूर्नामेंट का आखिरी लीग मैच 7 जनवरी को लखनऊ व चंडीगढ़ के मध्य दोपहर 12.30 बजे से खेला जाएगा। इसी के साथ रविवार को ही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और ग्रीन गैस लिमिटेड के बीच एक मैत्री क्रिकेट मैच मैच भी खेला जाएगा।
गुलशन द्विवेदी के अनुसार मैच रंगीन पोशाक में और सफेद गेंद से खेले जाएंगे। सभी चार टीमें तीन-तीन मैच खेलेंगी। वहीं लीग मैचों में अधिकतम अंक हासिल करने वाले टीम विजेता बनेगी।
गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के कार्यवाहक प्रधानाचार्य श्री अजय कुमार सेठी 5 जनवरी को सुबह नौ बजे लीग का उद्घाटन करेंगे वहीं लीग के 7 जनवरी को अपराह्न 3 बजे होने वाले समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि लखनऊ के जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार होंगे।
बीसीसीआई पैनल के अंतरराष्ट्रीय स्कोरर शैलेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ एसपी सिंह को एआईएमपीएल2024 का टूर्नामेंट निदेशक नामित किया गया है। उनके अधिकारियों की टीम आयोजन से जुड़े सभी तकनीकी मामले देखेगी।
टूर्नामेंट का कार्यक्रम
5 जनवरी: लखनऊ बनाम प्रयागराज (सुबह 9.00 बजे)
5 जनवरी: चंडीगढ़ बनाम कानपुर (दोपहर 12.30 बजे)
6 जनवरी: चंडीगढ़ बनाम प्रयागराज (सुबह 9.00 बजे)
6 जनवरी: लखनऊ बनाम कानपुर (दोपहर 12.30 बजे)
7 जनवरी: प्रयागराज बनाम कानपुर (सुबह 9.00 बजे) 7 जनवरी: लखनऊ बनाम चंडीगढ़ (दोपहर 12.30 बजे)।