Trending

डेविस कप : पाक के खिलाफ मैच के लिए एसडी प्रज्जवल को भारतीय टीम में मिली जगह

पाक के खिलाफ आगामी डेविस कप मैच के लिए प्रतिभावान खिलाड़ी एसडी प्रज्जवल देव को वैकल्पिक खिलाड़ी के रूप में भारत की राष्ट्रीय टेनिस टीम में शामिल किया गया।

प्रज्जवल को इस्लामाबाद में तीन और चार फरवरी को होने वाले इस विश्व ग्रुप एक प्ले ऑफ मैच के लिए शुरुआत में भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी, रिजर्व खिलाड़ी दिग्विजय सिंह के हटने के बाद उन्हें टीम में जगह दी गयी।

प्रज्जवल ने एक समाचार एजेंसी से कहा, ‘‘मैं पिछले दो सत्र से भारत और विदेश में आईटीएफ टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं। मैं इस मौके को अपनी निरंतरता के इनाम के रूप में देखता हूं और मैं डेविस कप में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए उत्साहित हूं।

हाल ही में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय खेल में कर्नाटक का नेतृत्व करने वाले प्रज्जवल ने कहा, ‘‘मैं कोर्ट पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और भारत के सफल अभियान में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।

प्रज्जवल एटीपी रैंकिंग में 609वें स्थान पर हैं। अखिल भारतीय टेनिस महासंघ पाकिस्तान की यात्रा के लिए भारत सरकार से मंजूरी का इंतजार कर रहा है। एआईटीए महासचिव अनिल धूपर ने पहले एक समाचार एजेंसी से कहा था, ‘‘हमें अभी तक लिखित में मंजूरी नहीं मिली है, संभावना है कि हमें जल्द ही मंजूरी मिल जाएगी।