Trending

ऑल इंडिया मीडिया प्रीमियर लीग 2024 : लखनऊ की जीत से शुरुआत, प्रयागराज को 13 रन से हराया

लखनऊ। अभिनव शुक्ला (45) व मयूर शुक्ला (39) की उम्दा पारी के बाद ऋषि सिंह सेंगर (3 विकेट) की उपयोगी गेंदबाजी से पिछले संस्करण की विजेता मेजबान लखनऊ ने ऑल इंडिया मीडिया प्रीमियर लीग (एआईएमपीएल) 2024 के मैच में जीत से शुरुआत की।

गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के क्रिकेट मैदान पर खेले गए उद्घाटन मैच में लखनऊ ने प्रयागराज को 13 रन से मात दी। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 144 रन बनाए।

टीम से मयूर शुक्ला ने 27 गेंदों पर 7 चौके से 39 रन व अभिनव शुक्ला ने 36 गेंदों पर 6 चौके से 45 रन की पारी खेलते हुए दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। प्रयागराज से अनुराग द्विवेदी व अमित श्रीवास्तव को दो-दो विकेट की सफलता मिली।

जवाब में प्रयागराज रोमांचक मुकाबले में निर्धारित ओवर में 8 विकेट पर 131 रन ही बना सका। रितेश कुमार (33) व अमित श्रीवास्तव (40) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके। लखनऊ से ऋषि सिंह सेंगर ने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट की सफलता हासिल की। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार लखनऊ के अभिनव शुक्ला को मिला।

वहीं पिछली उपविजेता चंडीगढ़ और कानपुर के बीच दिन का दूसरा मैच बारिश के चलते नहीं हो सका। इसके बाद टूर्नामेंट निदेशक शैलेन्द्र प्रताप सिंह (बीसीसीआई पैनल के स्कोरर, अंपायर) की निगरानी में अंपायर कुलदीप सिन्हा व मो.नदीम सहित स्कोरर संतोष ने दोनों टीमों को एक-एक अंक प्रदान किए।

कानपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 3 विकेट पर 164 रन बनाए। जवाब में चंडीगढ़ ने 1.3 ओवर में 12 रन बना लिए थे लेकिन तभी बारिश के चलते मैच को रोक देना पड़ा।

कल के मैच (6 जनवरी):
चंडीगढ़ बनाम प्रयागराज (सुबह 9.00 बजे)
लखनऊ बनाम कानपुर (दोपहर 12.30 बजे)

एआईएमपीएल-2024 की ट्रॉफी का अनावरण

ऑल इंडिया मीडिया प्रीमियर लीग (एआईएमपीएल) 2024 की ट्रॉफी का अनावरण शुक्रवार शाम को गोमतीनगर के एक निजी होटल में अभिषेक प्रकाश (आईएएस, सचिव इंडस्ट्री), खेल निदेशक डा.आरपी सिंह्र, सेंट जोसेफ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंध निदेशक अनिल अग्रवाल, इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कामर्स (लखनऊ चैप्टर) के चेयरमैन मुकेश बहादुर सिंह, रेडिको खेतान के यूपी हेड अजय गुप्ता की गरिमामयी मौजूदगी में किया गया।