पुलिस लाइन के बैरक के पास आरक्षी ने लगाई फांसी, छानबीन जारी

पुलिस लाइन के बैरक के पास आरक्षी ने लगाई फांसी, छानबीन जारी

वाराणसी। पुलिस लाइन के बैरक के पास बुधवार को 55 वर्षीय एक आरक्षी का शव लटकता मिला। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया। छानबीन और पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मूलरूप से बलिया जनपद के छाता बांसडीह निवासी आरक्षी बब्बन राम वाराणसी पुलिस लाइन में ही तैनात था। बब्बन राम पुलिस लाइन के बैरक में ही रहता था। मंगलवार की शाम शराब के नशे में धुत बब्बन फोन पर किसी से देर तक गाली-गलौज करता रहा। इसके बाद परिजनों से फोन से ही बातचीत कर सोने चला गया। आशंका है कि देर रात किसी समय बब्बन ने आदर्श बैरक के प्रथम तल में स्थित सीढ़ी में नायलॉन की रस्सी बांधी और लटक गया। अलसुबह पुलिस लाइन के बाहर टहल रहे पुलिस कर्मियों की निगाह उस पर पड़ी तो उन्होंने अफसरों को सूचना देकर आनन-फानन में आरक्षी को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आरक्षी मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर मौके पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने बैरक से लेकर घटनास्थल और आसपास तक छानबीन की। आरक्षी के आत्महत्या का कारण ज्ञात नही हो पाया। पूछताछ में पता चला कि आरक्षी शराब पीने का लती थी। पुलिस ने मृत आरक्षी के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। परिजन बलिया से वाराणसी के लिए रवाना हो गये।