Trending

आस्ट्रेलियाई ओपन के मुख्य ड्रॉ में सुमित नागल

भारत के सुमित नागल स्लोवाकिया के एलेक्स मोलकान को मात देकर आस्ट्रेलियाई ओपन के एकल मुख्य ड्रॉ में आ गए हैं। नागल ने 2 घंटे 3 मिनट तक चले मैच में 6.4, 6.4 से जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी ने दूसरे सेट के दसवें गेम में 30.40 पर डबलफाल्ट किया।

नागल ने मैच के बाद बोला कि यह शानदार लग रहा है, ग्रैंडस्लैम के लिए क्वालीफाई करना हमेशा अच्छा होता है। मैच के बाद मैं काफी भावुक हो गया था। मुझे खुद को शांत करने की जरूरत थी, मैं डेढ़ घंटे के लिए लॉकर रूम में बैठा रहा।

साभार : गूगल

उन्होंने कहा कि मैंने यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की है और आज मैं जो खिलाड़ी हूं, उसके लिए मुझे खुद पर और टीम पर गर्व है। नागल का सामना पहले दौर में दुनिया के 31वें नंबर के खिलाड़ी कजाखस्तान के अलेक्जेंडर बुबलिक से होगा।

इस समय विश्व रैंकिंग में 139वें स्थान पर रहने वाले नागल 2021 के बाद पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में खेलेंगे। उन्हें 2021 में पहले दौर में लिथुआनिया के रिकार्डास बेरांकिस ने हराया था।

नागल 2019 और 2020 में अमेरिकी ओपन के मुख्य ड्रॉ में पहुंचे थे। उन्होंने 2019 अमेरिकी ओपन में रोजर फेडरर के खिलाफ एक सेट जीता था, हालांकि वह मुकाबला हार गए थे। अगले साल वह दूसरे दौर तक पहुंचे थे जिसमें उन्हें डोमिनिक थिएम ने हराया जिन्होंने बाद में खिताब जीता।

मुकाबले से पहले नागल ने कहा कि मैंने अगले मैच के बारे में नहीं सोचा है। मुझे इस पल का लुफ्त उठाने की जरूरत है, काफी समय हो गया है जब मैंने किसी स्लैम में मुख्य ड्रॉ खेला है। मैं अपने माता-पिता को बुलाऊंगा और अपने कोच के साथ आराम करूंगा और अगले मैच के बारे में सोचूंगा।

नागल ने कहा कि अभी तय नहीं है कि मैं सोमवार या मंगलवार को खेलूंगा या नहीं, रविवार आने पर इस पर विचार करूंगा। मैं बहुत उत्साहित हूं और मुख्य ड्रॉ मैचों के लिए कोर्ट पर आने के लिए उत्सुक हूं।