ऑस्ट्रेलियन ओपन : बुब्लिक पर जीत से सुमित नागल दूसरे दौर में, रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलियन ओपन में स्टार भारतीय टेनिस प्लेयर सुमित नागल ने दुनिया के 27वें नंबर के खिलाड़ी कजाकिस्तान के अलेक्जेंडर बुब्लिक को 6-4, 6-2, 7-6 से मात देकर पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के दूसरे दौर में जगह बनाई।
वे एक बार और ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुख्य दौर में खेल चुके हैं, पहले ही दौर में बाहर हुए थे, इस बार वे दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। भारत के इस युवा खिलाड़ी के लिए ये किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में सीडेड खिलाड़ी को हराने वाले रमेश कृष्णन (1989) के बाद वे पहले भारतीय बने हैं।

रमेश कृष्णन एक जूनियर खिलाड़ी के रूप में विंबलडन और फ्रेंच ओपन दोनों में एकल खिताब जीते। 1980 में तीन ग्रैंडस्लैम क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचे और विजय अमृतराज की अगुवाई वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे, जो 1987 में स्वीडन के खिलाफ डेविस कप के फाइनल में पहुंची थी।
कृष्णन ने 1989 के ऑस्ट्रेलियन ओपन में विश्व नंबर 1, मैट विलेंडर को हराया। वह 2007 में भारत के डेविस कप कप्तान बने। सुमित नागल पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम इवेंट के दूसरे दौर में पहुंचे हैं।
2021 में ऑस्ट्रेलियन ओपन के मुख्य ड्रॉ में वाइल्ड कार्ड एंट्री करके जगह बनाई थी, पहले ही मुकाबले में उनको हार मिली थी। इस बार वे क्वॉलिफाइंग राउंड से मुख्य ड्रॉ में शामिल हुए और पहले दौर का मुकाबला जीत लिया है।
2 घंटे 37 मिनट तक चले मुकाबले में सुमित नागल ने एलेक्जेंडर बुब्लिक के खिलाफ जीत दर्ज की। भारत के इस 26 वर्षीय खिलाड़ी दूसरे दौर के अपने मैच में 18 जनवरी को किसी अन्य खिलाड़ी से भिड़ना होगा। इस बात की पुष्टि जल्द होगी, क्योंकि अभी पहले दौर के मैच ऑस्ट्रेलियन ओपन में जारी है।
सुमित नागल ने पिछले काफी समय तक कोर्ट पर संघर्ष किया, 2024 की शुरुआत उनके लिए अच्छी रही है। ऐसे में इस ग्रैंडस्लैम के अलावा आगे उनके पास तीन और ग्रैंड स्लैम में हिस्सा लेने का मौका होगा।
सुमित नागल ने क्वॉलिफायर्स राउंड में अपने तीनों मुकाबले दो-दो सेट में जीते थे, पहले दौर के मुकाबले में उनको तीन सेट्स में जीत मिली।
इस तरह कहा जा सकता है कि मुख्य दौर के मुकाबले में उनका मुकाबला कठिन था और यही वजह थी कि उन्होंने तीन सेट में जीत हासिल की और ये मुकाबला काफी लंबा चला। इस मैच से उनका आत्मविश्वास बढ़ा होगा, जो आने वाले मैच में उनके काम आएगा।