सूर्यकुमार यादव की हार्निया की सर्जरी सफल, आईपीएल तक वापसी की उम्मीद
सूर्यकुमार यादव की जर्मनी में हर्निया की सफल सर्जरी हो चुकी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट से इस बारे में सूचना दी। सूर्या ने दूसरी बार ग्रॉइन इंजरी की सर्जरी कराई है, वह एक सप्ताह में भारत लौट सकते हैं।
सर्जरी के बाद सूर्यकुमार बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिहैब कराएंगे। जहां से उनके इस साल के आईपीएल तक फिट होने की संभावना है।

दुनिया के नंबर-1 टी-20 बैटर सूर्यकुमार यादव की सर्जरी बुधवार को म्यूनिख के एक्सपर्ट डॉक्टर्स की निगरानी में हुई। उनसे पहले केएल राहुल ने 2022 में म्यूनिख में ही स्पोर्ट्स हर्निया का ऑपरेशन करवाया था।
राहुल एक महीने बाद फिट होकर खेलने लगे थे, सूर्या को फिट होने में 2 महीने तक का समय लग सकता है। सूर्या पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका में टी-20 खेलने के दौरान इंजर्ड हुए थे। उन्हें फील्डिंग के दौरान एंकल में चोट लग गई थी। जिसके बाद उनकी एंकल सर्जरी हुई थी।

उस सर्जरी के बाद अब उनकी स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी भी हुई। 2 सर्जरी होने के कारण ही उन्हें फिट होने में ज्यादा समय लगेगा। एक रिपोर्ट के अनुसार, बीसीसीआई सूत्रों ने बताया कि सूर्यकुमार यादव इस साल के आईपीएल तक फिट हो जाएंगे।
टूर्नामेंट के मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू होने की संभावनाएं हैं। आईपीएल के ठीक बाद एक जून से वेस्टइंडीज और अमेरिका में टी-20 वर्ल्ड कप भी शुरू होगा। सूर्या इसके लिए भी फिट हो जाएंगे।
नेशनल क्रिकेट एकेडमी भारत में क्रिकेटर्स की फिटनेस और ट्रेनिंग का ध्यान रखती है। एकेडमी ने ही जनवरी में सूर्या की सर्जरी करवाने पर जोर दिया था, ताकि वह वर्ल्ड कप से पहले तक पूरी तरह फिट हो सकें। वह जर्मनी जाने से पहले एकेडमी में ही रिहैब कर रहे थे।
एकेडमी के ही गाइडेंस में पिछले साल जसप्रीत बुमराह, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की भी सर्जरी हुई थी। तीनों ही खिलाड़ी कुछ महीने तक क्रिकेट से दूर रहे, वनडे वर्ल्ड तक पूरी तरह फिट हो गए। भारत वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा और रनर-अप रहा।