ऑस्ट्रेलियन ओपन : क्वार्टरफाइनल में जोकोविच, रोजर फेडरर के इस रिकॉर्ड की बराबरी की
सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच ने महान रोजर फेडरर के सर्वकालिक ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल रिकॉर्ड की बराबर कर ली। उन्होंने ऑस्ट्रेलियन ओपन में एड्रियन मानारिनो पर 6-0, 6-0, 6-3 की जीत से क्वार्टरफाइनल में एंट्री करते हुए यह रिकॉर्ड बनाया।
10 बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन विजेता जोकोविच ने एक घंटे 44 मिनट में मिली जीत के दौरान 31 विनर जमाए और मेजर में 58वीं बार अंतिम आठ में प्रवेश कर फेडरर के रिकॉर्ड की बराबरी की।
जोकोविच 14वीं बार इस टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में पहुंचे और उनकी निगाहें 25वें ग्रैंडस्लैम एकल खिताब पर हैं। अब उनका सामना 12वें नंबर के खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज से होगा। फ्रिट्ज पिछले साल यहां उप विजेता रहे स्टेफानोस सिटसिपास पर 7-6 (3), 5-7, 6-3, 6-3 की जीत से पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के क्वार्टरफाइनल में पहुंचे।

महिलाओं के वर्ग में गत विजेता आर्यना सबालेंका और अमेरिकी ओपन विजेता कोको गॉफ ने शानदार जीत से क्वार्टरफाइनल में एंट्री ली। दूसरी रैंकिंग की खिलाड़ी सबालेंका ने पिछले साल यहां अपना पहला ग्रैंडस्लैम जीता था।
उन्होंने अमांडा अनिसिमोवा को 6-3, 6-2 से हराया। उनका सामना 16 वर्षीय मीरा एंड्रीवा और नौवें नंबर की खिलाड़ी बारबोरा क्रेजसिकोवा के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
सितंबर में अमेरिकी ओपन में पहला मेजर जीतने वाली गॉफ ने मागडालेना फ्रेच को 6-1, 6-2 से हराया और अब उनकी भिड़ंत सामना यूक्रेन की मार्टा कोस्तयुक से होगी जिन्होंने मारिया टोमाफीवा को 6-2, 6-1 से हराकर पहली बार मेजर के अंतिम आठ में जगह बनाई।