पाकिस्तान सुपर लीग में नहीं खेलेंगे राशिद खान
स्टार अफगानिस्तान लेग स्पिनर राशिद खान सर्जरी के बाद रिहैब से गुजर रहे हैं और वह इस समय क्रिकेट से दूर चल रहे हैं. सर्जरी की वजह से राशिद भारत के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में नहीं खेल पाए थे और उन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है.
उन्होंने इस टूर्नामेंट में लाहौर कलंदर्स को बड़ा झटका दिया है. ऑलराउंडर ने लाहौर कलंदर्स की ओर से नहीं खेलने का फैसला किया है. पीएसएल 2024 अगले महीने 17 फरवरी से शुरू होने जा रही है.

राशिद की पिछले साल नवंबर में पीठ की सर्जरी हुई थी और उन्होंने तब से क्रिकेट नहीं खेला है. वह पूरी तरह से फ़िट तो हैं, एहतियातन कारणों से मैदान से दूरी बनाए रखे हुए हैं. राशिद ने पिछला इंटरनेशनल मैच नवंबर 2023 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे विश्व कप 2023 में खेला था.
राशिद तीन सीजन से लाहौर कलंदर्स के साथ हैं और 2022 और 2023 में उन्होंने खिताब जीता था. इस सीजन के लिए ‘सिल्वर सैलेरी ब्रैकेट’ में फ़्रैंचाइज़ी ने उन्हें रिटेन किया था, उन्हें पता था कि शायद वह इस सीजन उपलब्ध ना रहें.
उन्होंने इसलिए यह किया था ताकि इस दिग्गज स्पिनर को अगले सालों के लिए रिटेन किया जा सके. राशिद ने आधिकारिक रूप से अपना नाम वापस ले लिया है. लाहौर के अलावा राशिद BBL और SA20 पहले ही अपना नाम वापस ले चुके हैं. वह अफ़ग़ानिस्तान की टीम के साथ भारत तो आए थे, उन्होंने भारत में कोई मैच नहीं खेला था.
उन्हें आईपीएल 2024 तक पूरी तरह से फिट होने की उम्मीद है. राशिद आईपीएल में इस समय पूर्व चैंपियन गुजरात टाइटंस टीम का हिस्सा हैं. आईपीएल 2024 से पहले वह आयरलैंड के ख़िलाफ खेल सकते हैं.