हैदराबाद टेस्ट Day 3 : ओली पोप का नाबाद शतक, इंग्लैंड को 126 रन की बढ़त
ओली पोप (नाबाद 148 रन) के शानदार शतक से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ यहां जारी पहले टेस्ट की तीसरे दिन शानदार वापसी की। तीसरे दिन का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड ने 6 विकेट पर 316 रन बना लिये हैं।
ओली पोप 148 रनों की पारी खेल क्रीज पर हैं, उनके साथ रेहान अहमद 16 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड की बढ़त 126 रनों की हो चुकी है। इंग्लैंड ने पहली पारी में 246 रन बनाए थे, जवाब में भारत ने अपनी पहली पारी में 436 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 190 रन की बढ़त हासिल की

दूसरी पारी में इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही और 45 के कुल स्कोर पर जैक क्राउली को अश्विन ने रोहित के हाथों कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। बेन डकेट और ओली पोप ने दूसरे विकेट के लिए 68 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी को बुमराह ने बेन डकेट को आउट कर तोड़ा। डकेट ने 47 रन बनाए।
बुमराह ने 117 के कुल स्कोर पर जो रूट (02) को एलबीडब्ल्यू कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। जडेजा ने जॉनी बेयरस्टो को आउट कर भारत इंग्लैंड को चौथा झटका दिया। बेयरस्टो ने 10 रन बनाए।
पहली पारी में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कप्तान बेन स्टोक्स खास नहीं कर सके और 6 रन बनाकर अश्विन की गेंद पर आउट हुए। इंग्लैंड का यह विकेट 163 रनों पर गिरा। ओली पोप और बेन फोक्स ने छठे विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी कर इंग्लैंड को मैच में वापसी दिलाई। इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने फोक्स को आउट कर तोड़ा। फोक्स ने 34 रन बनाए।
पोप ने रेहान अहमद के साथ मिलकर 42 रनों नाबाद साझेदारी की और इंग्लिश टीम का स्कोर 316 रनों तक पहुंचाया। दिन के खेल खत्म होने पर पोप 148 और रेहान अहमद 16 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत से जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने 2-2 व अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा ने 1-1 विकेट लिया।
इससे पहले यशस्वी जयसवाल (80), केएल राहुल (86) और रवींद्र जडेजा (87) की शानदार अर्धशतकीय पारियों से भारत ने राजीव गांधी स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन अपनी पहली पारी में 436 रन बनाए और पहली पारी के आधार पर 190 रन की बढ़त हासिल की।
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए थे। इन तीनों के अलावा श्रेयस अय्यर (35), श्रीकर भरत (41) और अक्षर पटेल (44) ने अहम पारियां खेलीं। इंग्लैंड के लिए जो रूट ने 4, रेहान अहमद और टॉम हार्टली ने 2-2 व जैक लीच ने 1 विकेट लिया।
इससे पहले कप्तान बेन स्टोक्स के बेहतरीन अर्धशतक से इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए। स्टोक्स ने 70 रनों की पारी खेली। स्टोक्स के अलावा बेन डकेट (35), जॉनी बेयरस्टो (37) और जो रूट (29) ने अहम योगदान दिया। भारत के लिए पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा ने 3-3 व अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिया।