हॉकी5 महिला विश्व कप : भारतीय टीम उपविजेता, नीदरलैंड से मिली हार
भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच हॉकी 5 महिला विश्व कप के फाइनल में नीदरलैंड से 2- 7 से हार के साथ उपविजेता रही। भारत से ज्योति छत्री ने 20वें और रूतुजा दादासो पिसाल ने 23वें मिनट में गोल दागे।
नीदरलैंड से यानेके वान डे वेन्ने (दूसरा और 14वां मिनट), बेंते वान डेर वेल्ट (चौथा और आठवां), लाना काल्से (11वां और 27वां) और सोशा बेनिंगा (13वां मिनट) ने गोल किये। एफआईएच हॉकी 5 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के लिये हॉकी इंडिया ने हर खिलाड़ी को तीन लाख और सहयोगी स्टाफ को डेढ लाख रूपये पुरस्कार देने की घोषणा हुई।

मैच की शुरूआत से दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, शुरूआती सफलता नीदरलैंड को मिली जब यानेके ने लंबी दूरी से लगाये गए शॉट पर गोलकीपर रजनी इतिमार्पू को छकाकर गोल किया।
दो मिनट बाद वान डेर वेल्ट ने दूसरा गोल दाग दिया। आठवें मिनट में एक और गोल करके डच टीम का शिकंजा कस दिया। पहले हाफ से चार मिनट पहले लाना काल्से ने डच टीम के लिये चौथा गोल किया और सोशा ने बढत 5- 0 की कर दी।
पहले हाफ के आखिरी मिनट में यानेके ने एक और गोल किया। दूसरे हाफ के पांचवें मिनट में भारत के लिये ज्योति ने गोल किया और तीन मिनट बाद रूतुजा ने एक गोल दागकर डच टीम की बढत कम की।
नीदरलैंड से लाना ने जवाबी हमले पर गोल करके बढत पांच गोल की कर दी। नीदरलैंड को आखिरी मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला जिस पर रजनी ने गोल तो बचा लिया, हार को नहीं टाल सकी।