Trending

विशाखापत्तनम टेस्ट Day 1: यशस्वी का शतक, भारत के 6 विकेट पर 336 रन

यशस्वी जायसवाल (नाबाद 179 रन) के शतक से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन 6 विकेट पर 336 रन बना लिये हैं। यशस्वी 177 और रविचंद्रन अश्विन 5 रन बनाकर नाबाद हैं।

इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी चुनी। भारतीय टीम को रोहित और यशस्वी ने सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े। रोहित का खराब फार्म इस मैच में रहा और वे 14 रन बनाकर अपना पहला टेस्ट खेल रहे शोएब बसीर का शिकार बने।

शोएब ने रोहित को लेग स्लिप में ओली पोप के हाथों कैच आउट कराया। यशस्वी और शुभमन गिल ने पारी को आगे बढ़ाया। दूसरे विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की।

जब लग रहा था कि गिल ने लय हासिल कर ली है, जेम्स एंडरसन ने उन्हें विकेटकीपर फोक्स के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेज दिया। गिल ने 46 गेंदों पर 5 चौकों से 34 रन बनाए। यशस्वी ने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 90 रन जोड़े। जब लग रहा था कि ये जोड़ी बड़ी साझेदारी करेगी, तभी अय्यर 179 पर 27 रन बनाकर टॉम हार्टले का शिकार बने।

अय्यर के बाद बल्लेबाजी करने उतरे अपना डेब्यू टेस्ट खेल रहे रजत पाटीदार ने यशस्वी का अच्छा साथ दिया और चौथे विकेट के लिए 70 रन जोड़े। 249 पर पाटीदार 32 रन बनाकर रेहान अहमद की गेंद पर बोल्ड हुए।

यशस्वी और अक्षर पटेल ने पारी को आगे बढ़ाया। यशस्वी ने अपने डेढ़ सौ रन पूरे किए। 301 पर शोएब बशीर ने अक्षर पटेल को आउट कर भारत को बड़ा झटका दिया। अक्षर ने 27 रन बनाए। 330 पर केएस भरत 17 रन बनाकर रेहान अहमद का शिकार बने। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 6 विकेट पर 336 रन बना लिये हैं।

यशस्वी 177 और रविचंद्रन अश्विन 5 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड से शोएब बसीर और रेहान अहमद ने दो-दो, टॉम हार्टले और जेम्स एंडरसन ने 1-1 विकेट लिया।

इस मैच में भारत से रजत पाटीदार ने डेब्यू किया, मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया। सिराज की जगह मुकेश कुमार को और रवींद्र जडेजा की जगह कुलदीप यादव को मौका दिया गया। जडेजा और केएल राहुल चोट की वजह से इस मैच का हिस्सा नहीं हैं। इग्लैंड से शोएब बसीर ने डेब्यू किया और मार्क वुड की जगह अनुभवी जेम्स एंडरसन को मौका मिला।