यशस्वी का दोहरा शतक, ये कमाल दिखाने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बने
यशस्वी जयसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन टेस्ट क्रिकेट में अपना पहला दोहरा शतक जड़ा। उन्होने इंग्लिश स्पिनर शोएब बशीर की गेंद पर एक छक्का और एक चौका मारकर 277 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे सबसे कम उम्र के भारतीय बन गए।
दोहरा शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय विनोद कांबली हैं, जिन्होंने 1993 में वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ 21 साल और 35 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। कांबली 21 साल और 55 दिन की उम्र में नंबर दो स्थान पर रहे थे जब उन्होंने 1993 में दिल्ली के फिरोज शाह कोटला में जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना दूसरा दोहरा शतक बनाया था।

दोहरा शतक बनाने वाले दूसरे सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर हैं जिन्होंने 1971 में पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 साल और 283 दिन की उम्र में अपना पहला दोहरा शतक बनाया था।
टेस्ट इतिहास में सबसे कम उम्र के दोहरे शतकधारी पाकिस्तान के जावेद मियांदाद हैं, जिन्होंने 19 साल और 140 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी। जयसवाल टेस्ट दोहरा शतक बनाने वाले चौथे बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं। इससे पहले विनोद कांबली, सौरव गांगुली और गौतम गंभीर ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
दूसरे छोर पर विकेट गिरने के बावजूद मुंबई के इस बल्लेबाज ने शानदार खेल का मुजाहिरा किया और पिच के बदलते व्यवहार के बीच अनुशासन बनाए रखा।
जयसवाल के शानदार प्रदर्शन ने भारत को मजबूत स्थिति में लाने में मदद की, क्योंकि कोई अन्य बल्लेबाज पारी में अर्धशतक नहीं बना सका। उन्होंने न सिर्फ ग्राउंड स्ट्रोक बल्कि हवाई शॉट भी लगाए।