Trending

विशाखापत्तनम टेस्ट : भारत ने इंग्लैंड को 106 रन से दी मात, सीरीज 1-1 से बराबर

भारत ने दूसरे टेस्ट के चौथे दिन इंग्लैंड को 106 रन से मात देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली। जसप्रीत बुमराह (पहली पारी में 6 विकेट, दूसरी पारी में 3 विकेट) को उनकी गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।

इंग्लैंड ने पहला मैच 28 रन से जीता था। इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए यशस्वी जयसवाल (209) के दोहरे शतक से पहली पारी में 396 रन बनाए थे, जवाब में इंग्लैंड ने जैक क्रॉली (76) के अर्धशतक से पहली पारी में 253 रन बनाए।

@BCCI

भारतीय टीम ने दूसरी पारी में शुभमन गिल (104) के शतक से 255 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 399 रनों की लक्ष्य रखा। 399 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई इंग्लिश टीम को जैक क्रॉली और बेन डकेट ने सधी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े।

रविचंद्रन अश्विन ने डकेट को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी। डकेट ने 28 रन बनाए। अक्षर पटेल ने 95 पर रेहान अहमद को एलबीडब्ल्यू कर इंग्लिश टीम को दूसरा झटका दिया। रेहान ने 23 रन बनाए।

@BCCI

132 पर अश्विन ने ओली पोप को कप्तान रोहित के हाथों कैच कराकर भारत को चौथी सफलता दिलाई। पोप ने 23 रन बनाए। जो रूट खास नहीं कर सके और 16 रन बनाकर अश्विन का शिकार बने। कुलदीप यादव ने 194 पर डटकर खेल रहे क्रॉली को आउट कर भारत को सफलता दिलाई। क्रॉली ने 73 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

इसी स्कोर पर बुमहार ने जॉनी बेयरस्टो (26) को एलबीडब्ल्यू कर इंग्लैंड को छठा झटका दिया। 220 पर श्रेयस अय्यर ने सीधे थ्रो पर बेन स्टोक्स को रन आउट कर भारत की जीत के द्वार खोल दिये। स्टोक्स ने 11 रन बनाए। बुमराह ने बेन फोक्स को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर इंग्लैंड की आखिरी उम्मीद खत्म कर दी। फोक्स ने 36 रन बनाए।

281 पर मुकेश कुमार ने शोएब बसीर (00) को आउट कर इंग्लैंड को नौवां झटका दिया। बुमराह ने 292 पर टॉम हार्टले को आउट कर भारत को 106 रनों से जीत दिलाकर पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी दिलाई। हार्टले ने 36 रन बनाए।

भारत से जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने 3-3 और मुकेश कुमार, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने 1-1 विकेट लिया। भारत ने दूसरी पारी में शुभमन गिल के बेहतरीन शतक से 255 रन बनाए और 398 रनों की बढ़त हासिल कर इंग्लैंड के सामने 399 रनों का लक्ष्य रखा।

गिल ने 147 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्के से 104 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। गिल के अलावा अक्षर पटेल (45), श्रेयस अय्यर (29) और रविचंद्रन अश्विन (29) ने अहम पारियां खेलीं।

इंग्लैंड के लिए दूसरी पारी में टॉम हर्टले ने 4, रेहान अहमद ने 3, जेम्स एंडरसन ने 2 और शोएब बसीर ने 1 विकेट लिया। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (15.5 ओवर 45 रन देकर 6 विकेट) की घातक गेंदबाजी से भारत ने दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी 253 रनों पर समेट दी है।

इंग्लैंड के लिए पहली पारी में जैक क्रॉली ने बेहतरीन अर्धशतक लगाते हुए 76 रन बनाए। क्रॉली ने इस दौरान उन्होंने 78 गेंदों का सामना किया और 11 चौके और 2 छक्के लगाए।

क्रॉली के अलावा कप्तान बेन स्टोक्स ने 47 रन बनाए। बेन डकेट (21), ओली पोप (23), जॉनी बेयरस्टो (25) और टॉम हार्टले (21) ने अहम योगदान दिया। भारत से जसप्रीत बुमराह ने 6, कुलदीप यादव ने 3 और अक्षर पटेल ने 1 विकेट लिया।

इससे पहले यशस्वी जयसवाल के बेहतरीन दोहरे शतक से भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपनी पहली पारी में 396 रन बनाए। जयसवाल ने 290 गेंदों का सामना किया और 19 चौके और सात छक्के लगाए।

जयसवाल के अलावा शुभमन गिल (34), रजत पाटीदार (32), श्रेयस अय्यर (27), अक्षर पटेल (27) और रविचंद्रन अश्विन (20) ने अहम योगदान दिये। इंग्लैंड से शोएब बसीर, रेहान अहमद और जेम्स एंडरसन ने 3-3 व टॉम हार्टले ने 1 विकेट लिया।