बेंगलुरु ओपन के लिए रामकुमार रामनाथन को वाइल्ड कार्ड
भारत के दूसरी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग के खिलाड़ी रामकुमार रामनाथन को 12 फरवरी से शुरू होने वाले बेंगलुरु ओपन के एकल मुख्य ड्रा में वाइल्ड कार्ड मिला गया है।
हाल में पाक के खिलाफ डेविस कप मैच में भारत की अगुवाई करने वाले रामकुमार यहां चल रहे चेन्नई एटीपी चैलेंजर के पहले दौर में हार गये थे जिससे उन्हें घरेलू सरजमीं पर अच्छा करने का मौका मिलेगा।

रामकुमार सात बार एटीपी चैलेंजर सर्किट के एकल फाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने नवंबर 2021 में बहरीन के मनामा में अपना एकमात्र खिताब जीता था। रामकुमार ने दो साल पहले अपना सातवां और अंतिम युगल चैलेंजर खिताब बेंगलुरु में हमवतन साकेत मायनेनी के साथ जीता था।
रामकुमार (459 रैंकिंग) ने कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं कि बेंगलुरु ओपन ने मुझे एकल मुख्य ड्रा का वाइल्ड कार्ड दिया है। मैं टूर्नामेंट के लिए तैयार हूं। बेंगलुरु में हमेशा मेरा प्रदर्शन अच्छा रहा है और मेरी यहां कई यादें रही हैं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगा। बेंगलुरु ओपन रामकुमार के लिए सत्र का तीसरा चैलेंजर टूर्नामेंट होगा।
आयोजकों ने प्रज्ज्वल देव और उनके जोड़ीदार सिद्धांत बंथिया को युगल के मुख्य ड्रा में मनीष सुरेशकुमार और साई कार्तिक रेड्डी के साथ वाइल्ड कार्ड से प्रवेश दिया है।