गाला एल्मोस 2024 : तेजस्विन शंकर ने 2.23 मीटर के साथ लगाई स्वर्णिम जंप
बेल्जियम के हेस्ट-ऑप-डेन-बर्ग में ‘इंटरनेशनल हाई जम्प गाला एल्मोस 2024 एथलेटिक्स टूर्नामेंट में भारत के ऊंची कूद के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी एथलीट तेजस्विन शंकर ने 2.23 मीटर की कूद लगाकर स्वर्ण पदक जीता।
पिछले साल अक्टूबर के बाद पहली प्रतियोगिता में भाग ले रहे 25 वर्षीय शंकर शनिवार को विश्व एथलेटिक्स इंडोर टूर चैलेंजर टूर्नामेंट में यूनान के एंटोनियोस मर्लोस (2.20 मीटर) से आगे रहे।
शंकर के नाम पुरुषों की ऊंची कूद और डेकाथलॉन दोनों का राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। वह अपने 2.29 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से बेहतर नहीं कर पाए। शंकर डेकाथलॉन पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने पिछले साल एशियाई चैंपियनशिप में इस स्पर्धा का कांस्य पदक और एशियाई खेल में रजत पदक जीता था।

उनकी निगाहें पेरिस ओलंपिक में जगह बनाने पर लगी हैं इसके लिए उन्हें 2.33 मीटर के क्वालीफाइंग मानक को हासिल करना होगा। प्रतियोगिता में भाग ले रहे अन्य भारतीयों में जेसे संदेश 2.09 मीटर की कूद से संयुक्त 10वें स्थान पर रहे। शंकर अब 20 फरवरी को चेक गणराज्य में होने वाली एथलेटिक्स टूर्नामेंट में शिरकत करेंगे।