कप्तान रोहित शर्मा राजकोट रवाना, फोटो में दिखा नया लुक
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट के लिए भारतीय कप्तान रोहित शर्मा राजकोट रवाना हो गए हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट 15 फरवरी से राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होगा।
भारतीय प्लेयर्स को रविवार (11 फरवरी) को राजकोट पहुंचने के लिए पहले ही बता दिया गया था, ऐसे में अधिकतर खिलाड़ी तीसरे मैच की तैयारी शुरू करने के लिए वहां पहुंच गए होंगे।
पांच मैच की टेस्ट सीरीज का पहला मैच इंग्लैंड ने 28 रन से जीता था, भारत ने दूसरा मैच 106 रन से जीता। सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। बीसीसीआई ने इंग्लैंड के खिलाफ बचे हुए तीन मैच के लिए स्क्वॉड की घोषणा कर दी है।

विराट कोहली व्यक्तिगत कारणों से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बचे हुए मैचों से हट गए हैं। कोहली पहले दो टेस्ट में नहीं खेले थे। रोहित रविवार को एयरपोर्ट पर नजर आए थे, जिसका मतलब है कि वह राजकोट के लिए निकल चुके हैं। तीसरे मैच से पहले रोहित शर्मा नए लुक में नजर आए हैं।
राष्ट्रीय चयन समिति ने सीनियर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा और केएल राहुल को टीम में जगह दी है बीसीसीआई की मेडिकल टीम द्वारा मंजूरी मिलने के बाद ही उन्हें खिलाया जा सकता है।
इन दोनों को चोट लगी थी। सीनियर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को कमर के निचले हिस्से और ‘ग्रोइन’ में खिंचाव की शिकायत के बाद टीम में नहीं चुना गया है। बीसीसीआई ने उनका मेडिकल अपडेट नहीं दिया है।
इस 17 सदस्यीय टीम में एकमात्र नया चेहरा तेज गेंदबाज आकाश दीप हैं जिन्हें प्रथम श्रेणी क्रिकेट और हाल ही में भारत ‘ए’ बनाम इंग्लैंड लायंस टेस्ट श्रृंखला में लगातार प्रदर्शन से यह मौका मिला है।
टीम रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रित बुमराह (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, केएल राहुल, रजत पाटीदार, सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), आर अश्विन, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर ,कुलदीप यादव,मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार और आकाश दीप