Trending

बेंगलुरु ओपन : शीर्ष वरीयता प्राप्त नार्डी की हार, रामकुमार क्वार्टर फाइनल में

भारतीय डेविस कप खिलाड़ी रामकुमार रामनाथन ने शीर्ष वरीयता प्राप्त लुका नार्डी के खिलाफ वापसी करते हुए जीत दर्ज कर यहां बेंगलुरु ओपन के एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

रामकुमार ने केएसएलटीए स्टेडियम में प्री-क्वार्टर फाइनल में दो घंटे से अधिक तक चले मैच में इटली के खिलाड़ी पर 1-6, 6-4, 6-4 से जीत दर्ज की। भारतीय खिलाड़ी के लिए मैच की शुरुआत अच्छी नहीं रही और नार्डी ने शुरुआती सेट के पहले ही गेम में ही उनकी सर्विस तोड़ दी।

रामकुमार को कोई चुनौती नहीं दे सके और नार्डी ने आसानी से पहला सेट जीत लिया। पहले सेट के बाद लगा की मैच एकतरफा होगा, दूसरे सेट में रामकुमार ने शानदार जज्बा दिखाया। रामकुमार ने शानदार खेल से नार्डी को बेसलाइन के पास रोके रखा।

दूसरे सेट की शुरुआत चार गेम सर्विस करने वाले प्लेयर्स ने जीते, रामकुमार ने पांचवें गेम में सर्विस ब्रेक कर 3-2 की बढ़त बनायी और सर्विस को भुना कर इसे 4-2 किया। रामकुमार अपनी सर्विस पर दोनों गेम जीतकर मैच में वापसी करने में सफल रहे।

दूसरे सेट में हार का सामना करने के बाद नार्डी खेल में गलतियां करने लगे। तीसरे सेट के चौथे गेम तक दोनों प्लेयर्स के बीच बराबरी का मैच था, अपनी सर्विस पर 30-40 से पिछड़ने के बाद नार्डी ने बेसलाइन के ऊपर से ओवरहेड स्मैश लगाया जिससे रामकुमार 3-2 से आगे निकलने में सफल रहे।

रामकुमार ने छठे गेम में पकड़ बनाकर स्थिति मजबूत कर ली और 10वें गेम में अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए मैच जीत लिया। चौथी वरीयता प्राप्त फ्रांस के बेंजामिन बोंजी को पोलैंड के माक्स कास्निकोवस्कि के खिलाफ 3-6, 4-6 से हार मिली। एक अन्य मैच में रोका बटाल्ला ने ट्रिस्टिन बॉयर को 7-5, 6-3 से हराया।