शीर्ष दो प्लेयर्स के खिलाफ आयहिका और श्रीजा की जीत लेकिन…
भारतीय टेबल टेनिस प्लेयर्स आयहिका मुखर्जी और श्रीजा अकुला ने यहां दुनिया की शीर्ष दो खिलाड़ियों क्रमश: सुन यिंगशा और वैंग यिदी को हराया, इसके बावजूद भारत को विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप में गत विजेता चीन के खिलाफ 2-3 से हार मिली।

दुनिया की 155वें नंबर की खिलाड़ी आयहिका ने दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी यिंगशा को 12-10 2-11 13-11 11-6 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। राष्ट्रमंडल खेल की पदक विजेता श्रीजा ने यिदी को एकतरफा मैच में 3-0 (11-7 11-9 13-11) से हराया।
भारत की शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी मनिका बत्रा ने निराश किया और वह दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी वैंग मान्यु (3-11 8-11 15-13 7-11) और यिंगशा (3-11 6-11 13-11 9-11) के खिलाफ अपने दोनों एकल मैच हार गई।
मुकाबला 2-2 से बराबर था। आयहिका इसके बाद मान्यु के खिलाफ सीधे गेम में 9-11 11-13 6-11 से हार गई जिससे भारत को हार मिली।