राजकोट टेस्ट Day 2 : भारत के 445 रन, बेन डकेट का नाबाद शतक, इंग्लैंड 207/2
सलामी बल्लेबाज बेन डकेट (नाबाद 133) के शतक से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन स्थिति मजबूत कर ली है। दिन का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड ने 2 विकेट पर 207 रन बनाए। बेन डकेट 118 गेंदों पर 21 चौके और 2 छक्के से 133 रन बनाकर नाबाद हैं। उनके साथ जो रूट 9 रन बनाकर खेल रहे हैं।

इंग्लैंड पहली पारी के आधार पर भारत से 238 रन पीछे है। भारत ने पहली पारी में 445 रन बनाए थे। इंग्लैंड को पहली पारी में जैक क्रॉली और बेन डकेट ने सधी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 89 रन जोड़े। इसी स्कोर पर रविचंद्रन अश्विन ने क्रॉली को आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
अश्विन का यह 500वां टेस्ट विकेट था और उन्होंने यह रिकॉर्ड 98वें मैच में बनाया। 500 विकेट तक पहुंचने वाले वह दूसरे तेज गेंदबाज हैं। सूची में मुरलीधरन शीर्ष पर हैं।
भारत के लिए अश्विन की उपलब्धि ही कुछ क्षणों के लिए खुशी के पल लेकर आई, बेन डकेट और ओली पोप ने वनडे मैच की तरह बल्लेबाजी करनी शुरु की और भारतीय गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया। डकेट ने अपना शतक पूरा किया।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोडे। इस खतरनाक जोड़ी को मोहम्मद सिराज ने पोप को एलबीडब्ल्यू आउट कर तोड़ा। पोप ने 55 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के से 39 रन बनाए।
जो रूट और डकेट ने कोई और नुकसान नहीं होने दिया और दिन का खेल खत्म होने पर इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 207 रन तक पहुंचाया। भारत से मोहम्मद सिराज और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट लिया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया ने कप्तान रोहित शर्मा (131) और रवींद्र जडेजा (112) के शतकों से पहली पारी में 445 रन बनाए। रोहित और जडेजा के अलावा पहला टेस्ट खेल रहे सरफराज खान ने अर्धशतक लगाते हुए 62 रन बनाए। डेब्यू खिलाड़ी ध्रुव जुरेल ने 46 रनों की पारी खेली।
निचले क्रम में रविचंद्रन अश्विन (37) जसप्रीत बुमराह (26) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इंग्लैंड से मार्क वुड ने 4, रेहान अहमद ने 2, जेम्स एंडरसन, टॉम हार्टले और जो रूट ने 1-1 विकेट लिया।