Trending

रामकुमार और साकेत युगल चैंपियन, सेमीफाइनल में नागल की हार

भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने यहां बेंगलुरु ओपन के सेमीफाइनल में इटली के स्टेफानो नापोलिटानो की चुनौती से पार नहीं पा सके। नापोलिटानो ने दो घंटे और 17 मिनट तक चले मैच में नागल को 7-6 , 6-4 से हराया।

इटली के खिलाडी के सामने खिताबी मैच में दक्षिण कोरिया के सेओंगचान होंग की चुनौती होगी। नौंवी वरीयता प्राप्त होंग ने अन्य सेमीफाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त स्पेन के ओरिओल बटाला को 6-2, 3-6, 6-3 से हराया।

@blrtennisopen

भारत के रामकुमार रामनाथन और साकेत माइनेनी ने फाइनल में फ्रांस के मैक्सिम जानवियर और कॉन्स्टेंटाइन कॉजमीन की जोड़ी को 6-3, 6-4 से हराकर दूसरा पुरुष युगल खिताब जीता। उन्होंने पिछले हफ्ते चेन्नई में खिताब जीता था।

नागल ने पहले सेट के दूसरे गेम में नापोलिटानो की सर्विस ब्रेक कर 2-0 की बढ़त बना ली। तीसरे और पांचवें गेम में सर्विस को भुनाकर उन्होंने 4-1 की बढ़त कायम रखी।

मैच के सबकुछ नागल के अनुसार चल रहा था। उनके ताकतवर सर्विस और फोरहैंड का इटली के खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था। नापोलिटानो ने छठे गेम से मैच में वापसी शुरू की। उन्होंने सातवें गेम में नागल की सर्विस ब्रेक की, अपनी सर्विस पर अगला गेम जीतकर स्कोर 4-4 कर दिया।

यह स्कोर 6-6 में बदला और टाईब्रेकर में नापोलिटानो ने चतुराई से नागल की बैकहैंड की कमजोरी का फायदा उठाते हुए जीत हासिल की। लय हासिल कर इटली के खिलाड़ी ने दूसरे सेट में 2-0 की बढ़त के साथ बेहतर शुरुआत की।

नागल को हाथ में ऐंठन का सामना करना पड़ा। उन्होंने मेडिकल टाइम आउट के बाद वापसी करते हुए स्कोर 2-2 फिर 3-3 किया। भारतीय खिलाड़ी पर थकान का असर दिख रहा था और नापोलिटानो ने 10वें गेम में उनकी सर्विस ब्रेक कर मैच को जीत लिया।

सेमीफाइनल से पहले नागल को एटीपी रैंकिंग में शीर्ष 100 में आने के लिए केएसएलटीए द्वारा सम्मानित हुए और पांच लाख रुपये का चेक दिया गया। इस मौके पर केएसएलटीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एम प्रियांक खड़गे, केएसएलटीए के सचिव महेश्वर राव, आईएएस और केएसएलटीए के संयुक्त सचिव सुनील यजमान उपस्थित थे।