आईपीएल : लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे दो मैच, पहले 17 दिन का कार्यक्रम जारी
आईपीएल 2024 के शुरूआती मैच में 22 मार्च को गत विजेता चेन्नई सुपर किंग्स व रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच टक्कर होगी। इस टी20 लीग के पहले 17 दिन के कार्यक्रम का ऐलान किया गया। इसमें लखनऊ के इकाना स्टेडियम को दो मैच मिले है जिसमें 30 मार्च को लखनऊ बनाम पंजाब और 7 अप्रैल को लखनऊ बनाम गुजरात के बीच टक्कर होगी।

वैसे लखनऊ सुपरजाइंट्स का घरेलू मैदान भी इकाना स्टेडियम है। वहीं टूर्नामेंट के पहले 17 दिन 21 मैच होंगे। दिल्ली कैपिटल्स 23 मार्च को मोहाली में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी। फॉर्मेट के अनुसार 10 टीम को पांच पांच के दो ग्रुप में विभाजित किया गया है। ग्रुप चरण में प्रत्येक टीम 14 मैच खेलेगी। हर टीम अपने ग्रुप में अन्य चार टीम से दो बार घरेलू और प्रतिद्वंद्वी टीम के मैदान पर खेलेगी।

वह दूसरे ग्रुप में चार टीम से एक एक बार भिड़ेगी, बची हुई दो टीम दो बार एक दूसरे के आमने सामने होगी। आम चुनाव अप्रैल-मई में होने की उम्मीद है। इसके चलते आईपीएल के बचे हुए मुकाबलों के कार्यक्रम की घोषणा आगामी लोक सभा चुनावों की तारीखों की घोषणा के बाद होगी।
सिर्फ एक बार 2009 में पूरा आईपीएल दक्षिण अफ्रीका में हुआ था, 2014 में आम चुनाव के कारण स्वदेश और संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया गया था। 2019 में चुनावों के बावजूद टूर्नामेंट भारत में ही कराया गया था।
इकाना स्टेडियम के एमडी उदय सिन्हा ने मेजबानी मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी आईपीएल की मेजबानी मिली है। उन्होंने कहा लखनऊ के लिए ये गौरव की बात है कि आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट का आयोजन यहां हो रहा है।
उन्होंने कहा कि विश्व कप में हमने शानदार मेजबानी का लोहा मनवाया है और इस बार भी हम शानदार मेजबानी करेंगे। उन्होंने बताया कि आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए तैयारियां चल रही हैं।
पिछले साल विश्व कप के पांच मैचों की सफल मेजबानी करने वाला इकाना स्टेडियम अब पूरी तरह से बदल चुका है क्योंकि इकाना में उपलब्ध विश्वस्तरीय सुविधाओं को देखकर बीसीसीआई काफी खुश है।