रक्षामंत्री का ऐलान, एशियाई गेम्स में जीतने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों को नकद इनाम
चीन में आयोजित एशियाई खेल और एशियाई पैरा खेल में पदक जीतने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों को पुरस्कार में धनराशि देने का ऐलान कर दिया है। इसके तहत स्वर्ण पदक, रजत पदक और कांस्य पदक विजेताओं को 25 लाख से लेकर 10 लाख तक के वित्तीय प्रोत्साहन को मंजूरी दे दी है।

सितंबर-अक्टूबर 2023 में हांगझू, चीन में आयोजित 19वें एशियाई खेल और चौथे एशियाई पैरा खेल का आयोजन हुआ था। जिसमें कई सशस्त्र बलों के कर्मियों ने स्वर्ण पदक, रजत पदक और कांस्य पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया था।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सशस्त्र बलों के कर्मियों का उत्साहवर्धन करने के लिए दोनों खेलों के स्वर्ण पदक विजेताओं को 25 लाख रुपये, रजत पदक विजेताओं को 15 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 10 लाख रुपये का नकद इनाम देने के लिए मंजूरी दे दी है।
कई सेवा एथलीटों ने खेलों में देश को गौरवान्वित किया। रक्षा मंत्री ने उनकी वापसी पर सम्मानित किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनकी सराहना की।
उन्होंने सात पैरा एथलीटों सहित 45 पदक विजेताओं को नकद पुरस्कार देने की मंजूरी दी थी। इन 45 एथलीटों ने एशियाई खेल में 9 स्वर्ण, 18 रजत और 17 कांस्य पदक और एशियाई पैरा खेल में 1 स्वर्ण, 4 रजत और 2 कांस्य पदक जीते।
सशस्त्र बलों के कर्मियों के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा पहली बार घोषित यह वित्तीय प्रोत्साहन इन एथलीटों को पेरिस ओलंपिक के क्वालीफाइंग इवेंट में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा, इसके लिए वे तैयारी कर रहे हैं।