रांची टेस्ट Day 2 : शोएब बशीर की घातक गेंदबाजी, भारत का स्कोर 219/7
ऑफ स्पिनर शोएब बशीर (84 रन देकर 4 विकेट) के घातक गेंदबाजी से इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के दूसरे दिन स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर भारत ने पहली पारी में 7 विकेट पर 219 रन बनाए।
ध्रुव जुरेल 30 और कुलदीप यादव 17 रन बनाकर नाबाद हैं। पहली पारी के आधार पर भारत 134 रन पीछे है। इंग्लैंड ने पहली पारी में 353 रन बनाए थे। पहली पारी में भारत से 4 रनों पर कप्तान रोहित को जेम्स एंडरसन ने पवेलियन भेजा।

शुभमन गिल और यशस्वी ने दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी कर भारत को मैच में वापसी दिलाई। 86 के कुल स्कोर पर शोएब बसीर ने गिल को एलबीडब्ल्यू कर भारत को दूसरा झटका दिया। गिल ने 38 रन बनाए।
रजत पाटीदार 112 के कुल स्कोर पर 17 रन बनाकर शोएब बसीर का शिकार बने। 130 के कुल स्कोर पर रवींद्र जडेजा 12 रन बनाकर बसीर का तीसरा शिकार बने। गिरते विकेटों के बीच यशस्वी एक छोर पर खड़े रहे और अपना अर्धशतक पूरा किया।
161 पर बसीर ने जयसवाल को आउट कर मैच में चौथा विकेट लिया। जयसवाल ने 117 गेंदों पर 8 चौके और 1 छक्के से 73 रन बनाए। जयसवाल के आउट होने के बाद सरफराज खान (14) और रविचंद्रन अश्विन (01) को टॉम हार्टले ने पवेलियन भेजा और भारत का स्कोर 7 विकेट पर 177 रन हो गया।
ध्रुव जुरेल और कुलदीप यादव ने आठवें विकेट के लिए 42 रनों की नाबाद साझेदारी कर दिन का खेल खत्म होने पर टीम का स्कोर 219 रन तक पहुंचाया। इंग्लैंड से शोएब बसीर ने 4, टॉम हार्टले ने 2 और जेम्स एंडरसन ने 1 विकेट लिया।
इससे पहले जो रूट के नाबाद शतक और ऑली रॉबिन्सन के अर्धशतक से इंग्लैंड ने पहली पारी में 353 रन बनाए। रूट 122 रन बनाकर नाबाद रहे, ऑली रॉबिन्सन ने 58 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। भारत से रवींद्र जडेजा ने 4, आकाश दीप ने 3, मोहम्मद सिराज ने 2 और रविचंद्रन अश्विन ने 1 विकेट लिया।